
Ranchi : यूजीसी ने सातवें वेतन आयोग के अनुरूप कॉलेज तथा विश्वविद्यालय के शिक्षकों के वेतनमान की घोषणा कर दी है. जनवरी 2019 से शिक्षकों को सातवें वेतानमान के तहत वेतन प्रदान किया जायेगा. भारतीय विश्वविद्यालय शिक्षक संघ की पहल पर यूजीसी ने यह कदम उठाया है. यूजीसी के जारी नोटिफिकेशन से झारखंड के 750 शिक्षकों को सातवें वेतनमान का लाभ मिलेगा. झारखंड सरकार के कैबिनेट से मंजूरी के बाद इस दिशा में राज्य सरकार की ओर से शिक्षकों के नये वेतनमान के लिए पहल की जायेगी. दिसंबर के अंत तक राज्य के सभी विश्वविद्यालयों को इसी में राशि आवंटित कर दी जायेगी.
छठे वेतनमान के तहत नियुक्त शिक्षकों को पीएचडी इन्क्रीमेंट देने को मिली हरी झंडी
झारखंड में विश्वविद्यालयों के असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए छठे वेतनमान के अंतर्गत अग्रिम पीएचडी वेतनवृद्धि से संबंधित नोटिफिकेशन राज्य सरकार द्वारा जारी कर दिया गया है. इससे शिक्षकों की पीएचडी इन्क्रीमेंट संबंधित समस्या दूर हो गयी है. यूजीसी के नोटिफिकेशन के अनुसार 11 जुलाई 2009 से पहले पीएचडी करनेवाले असिस्टेंट प्रोफेसर को अग्रिम वेतनमान देने का मार्ग प्रशस्त कर दिया गया है.
क्या कहते हैं अधिकारी
रांची विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ अमर कुमार चौधरी ने कहा कि सातवां वेतमान संबंधी नोटिफिकेशन यूजीसी द्वारा जारी कर दिया गया है. इस माह के अंत तक सभी विश्वविद्यालयों को नये वेतनमान के तहत राशि आवंटित कर दी जायेगी. जनवरी 2019 से सातवें वेतमान का लाभ विश्वविद्यालय के शिक्षकों को मिलने लगेगा.
इसे भी पढ़ें- प्राथमिक शिक्षकों ने किया प्रदर्शन, पूरे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था ठप करने की दी चेतावनी
इसे भी पढ़ें- रांची विश्वविद्यालय में विश्वविद्यालय स्तरीय चुनाव संपन्न, नेहा मार्डी बनीं अध्यक्ष




