2nd LeadNational

उदयपुर: छात्र देवराज का आज होगा अंतिम संस्कार, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Udaipur: राजस्थान के उदयपुर में सरकारी स्कूल में हुई चाकूबाजी में घायल छात्र देवराज की मौत से हड़कंप मचा हुआ है. पूरा जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है. पुलिस ने देवराज का शव उसके परिजनों को सौंप दिया है. आज उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा. देवराज ने सोमवार की रात को अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. जिला प्रशासन ने सुबह 4 बजे देवराज का शव उसके परिजनों को सौंप दिया था. घटना के बाद से फैली हिंसा को ध्यान में रखते हुए एहतियात के तौर पर पुलिस व प्रशासन अलर्ट है.

राज्य सरकार ने मुआवजे का ऐलान किया है. पीड़ित परिवार को 51 लाख का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी. उदयपुर रेंज के आईजी अजयपाल लांबा ने बताया था कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. उन्होंने पूरे उदयपुर वासियों से अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक तरह से भीड़ न जमा करें. अगर कोई माहौल खराब करेगा तो सख्ती से पेश आने के निर्देश दिए गए हैं. पूरे शहर में पुलिस की गश्त जारी है. आलाधिकारी पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं.

गौरतलब है कि बीते शुक्रवार की शाम उदयपुर में दो बच्चों के बीच झगड़ा हो गया था. भटियाणी चोहट्टा के सरकारी स्कूल में दसवीं क्‍लास के दो छात्रों के बीच बहस हो गई. मामला इतना बढ़ा क‍ि एक छात्र ने दूसरे को चाकू मार दिया.

 

Related Articles

Back to top button