
Dhanbad: धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र के दो युवकों ने झरिया थानांतर्गत बोर्रागढ़ ओपी पुलिस पर गाली-गलौज और बुरी तरह मारपीट करते हुए आधार कार्ड तथा 3500 रुपये नगद छीन लेने का आरोप लगाया है. मामले में घायल इंजीनियर युवक उपेंद्र कुमार इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती है.
इलाजरत पीड़ित उपेन्द्र कुमार ने मीडिया को बताया कि बोर्रागढ़ ओपी क्षेत्र अंतर्गत सड़क पर वे लोग अपनी स्विफ्ट कार को खड़ी किये हुए थे. इसी दौरान पुलिस की गश्ती गाड़ी उन तक पहुंची और गाड़ी साइड करने को कहा.
इस बाबत इंजीनियर उपेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि गाड़ी का ड्राइवर नाश्ता करने गया हुआ है और मुझे गाड़ी चलानी नहीं आती है. ड्राइवर के आते ही हम गाड़ी हटवा लेंगे. इसी बात को लेकर गश्ती दल में मौजूद पुलिस वाले गुस्से में आ गए और उसे बुरी तरह मारने-पीटने लगे.
इसे भी पढ़ें : Good News : अब पलक झपकते ही बुक कराइये ट्रेन का टिकट, जानिये कैसे Refund भी मिलेगा तुरंत
फिर गश्ती गाड़ी में बैठा कर वह लोग उसे बोर्रागढ़ ओपी ले गये जहां पर ओपी में मौजूद एक पुलिसकर्मी ने उसके जेब से आधार कार्ड और 3500 रुपये निकाल लिये. साथ ही उसे बर्बाद करने की धमकी देते हुए वहां से चले जाने को कहा,
उपेंद्र के साथ मौजूद उसके भाई निखिल कुमार का भी आरोप है कि उसे भी पुलिस ने जमकर मारा पीटा और जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी. घटना के बाद दोनों युवक अपने इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती हुए, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना बुधवार की देर शाम की बतायी जाती है.
वही घटना को लेकर बोडरागढ़ ओपी प्रभारी सौरभ चौबे से फोन पर बात की गयी तो उन्होंने कहा कि आरोप बेबुनियाद हैं. घटना के समय हम थाने में नही थे मामले की जांच की जाएगी.
इसे भी पढ़ें : आपके मोबाइल में भी है बारकोड स्कैनर ऐप तो तुरंत हटाये, एक करोड़ से अधिक लोगों को पहुंचा चुका है नुकसान




