
Giridih : गिरिडीह के तीन थानों की पुलिस ने मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर थाना इलाके के बुढ़वा तालाब के समीप न्यू सुमित होटल में छापेमारी की. छापेमारी की कार्रवाई दो बार हुई, लेकिन पहली बार में सुमित होटल के संचालक सुमित साव फरार होने में सफल रहे. वहीं होटल से हिरासत में लिए गये दो कर्मियों की निशानदेही पर सुमित साव के दूसरे अड्डे पर छापेमारी की गयी, तो होटल और दूसरे ठिकाने से 12 पेटी ब्रांडेड कंपनियों की शराब और 12 पेटी बीयर जब्त किया गया. संचालक को पचंबा थाना की पुलिस तलाश रही है. छापेमारी की कार्रवाई में नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद और मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो और पचंबा थाना प्रभारी नरेश यादव समेत कई पुलिस जवान शामिल थे. कार्रवाई के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि होटल संचालक अपने न्यू सुमित होटल में पिछले कई महीनों से शराब का अवैध कारोबार कर रहे हैं. इतना ही नहीं होटल की ओट लेकर होटल संचालक द्वारा शराब का अवैध कारोबार किया जा रहा था. होटल संचालक ने चुनाव में डिमांड को देखते हुए बड़े पैमाने पर अवैध शराब का स्टॉक मंगा रखा था.
इसे भी पढ़ें – गिरिडीह के माहुरी छात्रावास में सजा मां मथुरासिनी का भव्य दरबार, महेशलुंडी में भी मां का किया गया आह्वान



