
Ranchi: राजस्थान की पूर्व सीएम और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे सिंधिया ने झारखंड सरकार को कटघरे में खड़ा किया है. देवघर में पार्टी के महाजनसंपर्क अभियान कार्यक्रम में शामिल होने आयीं वसुंधरा ने हेमंत सरकार पर खूब निशाना साधा. मंगलवार को वे संतालपरगना के तीन दिवसीय दौरे पर आयीं. पार्टी के जनसंपर्क अभियान के दौरान एक कार्यक्रम में कहा कि हेमंत सोरेन सरकार अपने करप्शन के कारण देश भर में चर्चा में है. यहां के अधिकारी लगातार इसके चलते जेल जा रहे हैं. जिस राज्य के कोयले से देश के कई राज्यों की बिजली जलती है, वहां की सरकार और अधिकारी बस अपने फायदे को देखने में लगे हैं. पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग राज्य के तौर पर झारखंड का निर्माण कराया था. उद्देश्य था कि यहां की खनिज संपदा का लाभ स्थानीय लोगों को मिले पर इसका दुरूपयोग हो रहा है. मौके पर गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे और अन्य प्रमुख नेता भी उपस्थित थे.
केंद्र की योजनाओं पर डाका
वसुंधरा राजे ने कहा कि केंद्र इस राज्य के विकास के लिए भरपूर मदद कर रहा है. पैसे दे रहा है. पर यह सरकार इसे खर्च नहीं कर पा रही है. केंद्र की योजनाओं पर बाधा डाल रही है. सांसद निशिकांत की सराहना करते कहा कि उनके नेतृत्व में गोड्डा लोकसभा क्षेत्र विकास के ममाले में मॉडल बना है. यहां जैसे काम हुए हैं, उससे आनेवाले समय में इस क्षेत्र में पार्टी की जीत के लिए अधिक मेहनत नहीं करनी होगी. उम्मीद है कि अगले आम चुनाव में झारखंड से सभी 14 लोकसभा सीट भाजपा की झोली में आयेगी. वसुंधरा ने पार्टी वर्करों, नेताओं से केंद्र की उपलब्धियों को जन जन तक ले जाने की अपील भी की. अब तीनदिवसीय दौरे के क्रम में वे 14-15 जून को दुमका और गिरिडीह में भी जन संपर्क अभियान में शामिल होंगी.
इसे भी पढ़ें: JAC ने 11वीं का रिजल्ट किया जारी, कोडरमा अव्वल, रांची को 23वां पोजिशन




