
Giridih : चालक की हत्या कर स्कॉर्पियो लूटे जाने के मामले का गिरिडीह की बेंगाबाद थाना पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है. सोमवार को प्रेसवार्ता कर एसपी अमित रेणु, एसडीपीओ अनिल सिंह और बेंगाबाद थाना प्रभारी श्रीकांत ओझा ने दावा किया कि जिस आपराधिक गिरोह ने इस वारदात को अंजाम दिया, उसके सरगना जमुई के सिकंदरा थाना क्षेत्र स्थित नौवाडीह गांव निवासी मो. खुर्शीद अंसारी समेत मो. सुल्तान उर्फ टीपू को शहर के झरियागादी से गिरफ्तार किया गया है.
उन्होंने बताया कि यह अंतरराज्यीय गिरोह है.
प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह चारपहिया वाहनों की बुकिंग कर वाहनों को लूटता है. झरियागादी का सुल्तान ही लूटे गये वाहनों की जमुई के इस गिरोह से खरीद-ब्रिकी करता है. पुलिस के अनुसार खुर्शीद अंसारी की निशानदेही पर ही पुलिस ने शहर के झरियागादी से फूल विक्रेता मो. सुल्तान अंसारी उर्फ टीपू को गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में इन दोनों ने कबूला है कि घटना को चार अपराधियों ने मिलकर अंजाम दिया था.
बता दें कि कांड का उद्भेदन करने के प्रयास में लगी रही पुलिस को सफलता कुछ दिनों पहले मिली, जिसमें सबसे पहले स्कॉर्पियो को गांडेय थाना क्षेत्र से बरामद किया गया. इसके बाद खुर्शीद और सुल्तान को दबोचा गया. इन दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने मधुपुर से क्वालिस के साथ एक और लूटे गये वाहन को बरामद किया है.
ऐसे में पुलिस अब यह भी जानकारी लेने में जुटी हुई है कि जिन दो वाहनों को मधुपुर से बरामद किया गया, वे दोनों किनके हैं और कहां से लूटे गये.
पुलिस सूत्रों की मानें, तो चालक हत्याकांड के दो और आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. इस पूरे मामले का खुलासा करने में बेंगाबाद के एएअसाई सुनील सिंह और सिपाही राजेश सिंह ने महत्पूर्ण भूमिका निभायी.




