JharkhandLead NewsRanchi

माइनिंग क्षेत्र के गड्डे में जमे पानी का लिफ्ट इरिगेशन में हो सकेगा उपयोग, सुवर्णरेखा बहुउद्देशीय परियोजना में होगा बदलाव

जल संसाधन विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की समीक्षा, कहा- खेतों में पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन सिस्टम डेवलप करें

Ranchi : जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के विभिन्न जिलों में स्थित माइंस एरिया के गड्ढों में जमे पानी को लिफ्ट इरिगेशन कार्य में उपयोग लाने का निर्देश दिया है. उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस बाबत वे एक कार्य योजना बनायें. इस पानी का उपयोग सिंचाई के साथ-साथ पेयजल में भी हो इसकी व्यवस्था वे तैयार करें. समीक्षा बैठक में हेमंत सोरेन ने विभाग अंतर्गत सिंचाई की योजनाओं को प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतारने की भी बात की. इस दौरान मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त केके खंडेलवाल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, सचिव प्रशांत कुमार सहित कई इंजीनियर उपस्थित थे.

सुवर्णरेखा बहुउद्देशीय परियोजना में बदलाव लायें

मुख्यमंत्री ने सुवर्णरेखा बहुउद्देशीय परियोजना की कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए इस परियोजना के कार्यान्वयन के लिए एक सबकमेटी बना कर योजना में बदलाव किये जाने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना की राशि को अन्य सिंचाई परियोजनाओं में लगाया जा सकता है. मुख्यमंत्री ने चांडिल डैम के क्षतिग्रस्त हिस्से का मरम्मति जल्द करने का निर्देश दिया.

सिंचाई परियोजनाओं को तय समय-सीमा के अंदर पूरा करें अधिकारी

बैठक में हेमंत सोरेन ने विभागीय अधिकारियों को कहा कि वे राज्य में सिंचाई परियोजनाओं को एक तय समय-सीमा के अंदर पूरा करें. जल संसाधन विभाग किसानों के हित और विकास से जुड़ा विभाग है. हमारे राज्य में कृषि की असीम संभावनाएं हैं. यहां के कृषकों की उत्पादन क्षमता को बढ़ाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. खेतों में पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन सिस्टम भी डेवलप करें.

कई लंबित सिंचाई योजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री का निर्देश

कोनार सिंचाई परियोजना की कार्य प्रगति की समीक्षा करते मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के कार्य में तेजी लाते हुए फॉरेस्ट क्लीयरेंस करायें. परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण कर टेंडर की प्रक्रिया पूर्ण करें. पुनासी जलाशय परियोजना देवघर के लिए काफी उपयोगी परियोजना है. इस परियोजना की कार्य प्रगति में तेजी लाने का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया. गुमानी बराज परियोजना को अगले साल तक चालू किये जाने पर भी हेमंत सोरेन ने जोर दिया. उन्होंने कहा कि परियोजना के आने से 16,000 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता विकसित होगी. समीक्षा बैठक में सीएम ने सभी कैनालों पर लाइनिंग कार्य कराने का भी निर्देश दिया.

सभी चेक डैमों का डाटा तैयार करें

हेमंत सोरेन ने विभागीय पदाधिकारियों को राज्य में स्थित सभी चेक डैमों का डाटा तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी चेक डैमों का डाटा तैयार करते हुए यह देखें कि कितने का कार्य पूर्ण हो चुका है. कितने चेक डैम का निर्माण कार्य अभी लंबित है. राज्य में चेक डैम का निर्माण कृषि विभाग, वन विभाग तथा नरेगा के माध्यम से भी किया जा रहा है. इन सभी विभागों के साथ आपसी तालमेल स्थापित कर डाटा तैयार करें.

Related Articles

Back to top button