
Dhanbad: जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र टुंडी में पिछले कुछ दिनों से माओवादियों की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं. बीते दिनों जहां नक्सलियों ने तीन लोगों को पुलिस का मुखबिर बताकर पिटाई की थी तो वहीं दूसरी ओर नक्सली पोस्टरबाजी करके दहशत फैलाने में लगे हुए हैं.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिले के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र कहे जाने वाले पश्चिमी टुंडी में नक्सलियों ने पोस्टरबाजी कर दहशत फैलाने की कोशिश की है. नक्सलियों के इन पोस्टरों में शहीदी सप्ताह मनाने की अपील की है. बता दें कि टुंडी और मनियाडीह थाना के बॉर्डर इलाके में नक्सलियों ने पोस्टरबाजी की है और नक्सलियों ने शहीद सप्ताह मनाने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें – 20 साल पुराने भाजपा सरकार में रक्षा सौदे में भ्रष्टाचार केस में समता पार्टी की पूर्व अध्यक्ष जया जेटली को 4 साल की कैद
टुंडी में नक्सलियों ने मुखबिर बताकर तीन लोगों को पीटा था
धनबाद के नक्सल प्रभावित टुंडी प्रखंड में शांत पड़े नक्सलियों की सक्रियता बढ़ने लगी है. बीते 3 जुलाई को टुंडी प्रखंड के बेगनोरिया पुलिस पिकेट के समीप नयाडीह भंडरिया टोला से हथियारबंद नक्सली दस्ते ने हरिचंद हांसदा, उसकी पत्नी पूजा देवी व चचेरे भाई दिलीप हांसदा को पुलिस मुखबिर बताकर अगवा कर लिया था.
इनको वे बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के काड़ालागा पहाड़ी जंगल ले गये. वहां जनअदालत लगाकर तीनों को जमकर पीटा. हरिचंद के पीठ और शरीर पर गिनकर 101 लाठियां बरसायीं और मुखबिरी बंद करने व पड़ोसी से चल रहे जमीन विवाद को खत्म करने की चेतावनी दी थी. मुखबिरी बंद न करने पर जान से मारने की बात कही थी. इसके बाद देर रात तीनों को छोड़ दिया था.
इसे भी पढ़ें – हजारीबाग में बिक गयी 1000 एकड़ वन भूमि! हाइकोर्ट में जनहित याचिका दायर
नक्सली मना रहे शहीद सप्ताह
नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के शहीद सप्ताह की शुरुआत 28 जुलाई से हो गयी है. 28 जुलाई से लेकर 3 अगस्त की मध्य रात्रि तक शहीद सप्ताह चलेगा.
गौरतलब है कि पुलिस द्वारा मारे गये नक्सलियों को शहीद बताते हुए उनकी याद में हर साल 28 जुलाई से 3 अगस्त तक भाकपा माओवादी द्वारा शहीद सप्ताह मनाया जाता है.
इसे भी पढ़ें – सेंटेवीटा ने एडमिट नहीं किया, सरकारी मदद की आस में निकल गयी जान, अब दो दिनों से बुजुर्ग पति कर रहा कोविड रिपोर्ट का इंतजार




