
New Delhi: दिल्ली में रविवार को सिग्नेचर ब्रिज के उद्घाटन समारोह में हुए विवाद और बीजेपी सांसद मनोज तिवारी के साथ हुई धक्का मुक्की का मामला गहराता जा रहा है. आप विधायकों के साथ धक्का-मुक्की में उलझे दिल्ली भाजपा इकाई के प्रमुख मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि उन्हें आप के एक विधायक ने गोली मारने की धमकी दी. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पुलिसकर्मियों भी उनके साथ गलत व्यवहार किया.
इसे भी पढ़ेंःNews Wing Impact : IAS हों या सहायक, बिना सूचना बंक मारा तो कटेगा…
दर्ज कराएंगे FIR- तिवारी
धक्का मुक्की पर भड़के सांसद तिवारी ने आप विधायक को दाऊद का गुर्गा बताते हुए कहा कि वो पूरे मामले को लेकर एफआईआर करायेंगे. उन्होंने कहा कि अमानतुल्लाह दाऊद इब्राहिम का गुर्गा है, जो अपनी मर्जी चलाता है. साथ ही कहा कि हजारों लोगों के सामने गुंडागर्दी करता है. मनोज तिवारी ने कहा कि एक सांसद को जान से मारने की कोशिश की गई है और इसी के तहत वो एफआईआर दर्ज करवाएंगे.

इसके साथ ही कहा कि मेरे साथ धक्का-मुक्की करने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान हो गई है. इस क्षेत्र के अतिरिक्त डीसीपी-1 कह रहे हैं कि कुछ आप कार्यकर्ता घायल हो गए. मैं उन्हें महज चार दिन में दिखाऊंगा कि पुलिस ने क्या किया है. हालांकि अमानतुल्लाह, सांसद तिवारी के साथ धक्का मुक्की करने के आरोप से इनकार कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ेंः1700 करोड़ का प्रोजेक्ट चार साल में पूरा नहीं, अब वर्ल्ड बैंक से…
क्या है पूरा विवाद
दरअसल, राजधानी दिल्ली में यमुना नदी पर नवनिर्मित सिग्नेचर ब्रिज का रविवार को उद्घाटन तनावपूर्ण माहौल में हुआ. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह कहते हुए भाजपा पर निशाना साधा कि देश को प्रगति के लिए मंदिर और प्रतिमाओं की नहीं बल्कि पुल, स्कूल और अस्पतालों की जरूरत है. पुल के उद्घाटन से पहले काफी हंगामा हुआ. दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी और बड़ी संख्या में उनके समर्थकों ने इस पुल के उद्घाटन कार्यक्रम में कथित रूप से आमंत्रित नहीं करने को लेकर प्रदर्शन किया. उनकी वहां कुछ आप कार्यकर्ताओं के साथ धक्का मुक्की भी हुई. भाजपा ने आरोप लगाया कि आप नेता अमानतुल्ला खान ने अपशब्दों का इस्तेमाल किया और तिवारी को धक्का दिया. वही पुलिस पर भी अभद्र व्यवहार करने का आरोप बीजेपी ने लगाया.
इसे भी पढ़ें – पत्रकारों ने पूछा मंत्री जी, सदर अस्पताल में कफ सिरप तक नहीं, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा : फालतू आदमी हैं आप, बाते नहीं करेंगे…




