
Ranchi: मुहर्रम को लेकर राज्यभर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. राज्य के सभी संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है. जहां पूर्व में सांप्रदायिक घटनाएं हुई हैं. उन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश पुलिस मुख्यालय ने दिया है.
किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए राज्य में इको की 16 कंपनियां, रैप की कम्पनी, 2388 लाठीबल, 5 हजार होमगार्ड तैनात की गई हैं. जिलों में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के लिए बलों की प्रतिनियुक्ति 15 से 17 जुलाई तक के लिए की गई है. डीजीपी के आदेश ओर आईजी अभियान ने इसको लेकर आदेश जारी कर दिया है. जुलूस के दौरान सभी पुलिस कर्मियों को बाडी प्रोट्रेक्टर, समेत अन्य दंगा नियंत्रण उपकरण साथ में लेकर चलने के निर्देश दिए गए है.
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी, अफवाह फैलाने वाले पर तत्काल कार्रवाई
असामाजिक तत्व सोशल मिडिया में अफवाह न फैलाये इसके लिए सभी जिलों के एसएसपी व एसपी को निर्देश दिया गया है कि वह इसकी निगरानी करें. सोशल मीडिया पर पुलिस कड़ी निगरानी रखेगी. किसी तरह की अफवाह फैले तो तत्काल उसका सत्यापन का निर्देश दिया गया है. सभी थानों में स्थानीय शांति समिति की बैठकें हो चुकी हैं. शांति समिति के सदस्यों से कहा कि कोई भी फर्जी या भ्रामक खबर की सूचना मिलने पर उसकी तत्काल सूचना जिला प्रशासन या अपने नजदीकी पुलिस थाने में अवश्य दें. जिसका संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके. थानों में होने वाली शांति समिति की बैठकों में पिछले वर्षों के चिन्हित स्थानों के बारे में सावधानी बरतने का निर्देश दिया.




