
Shekhpura : जिले में फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के सहारे शिक्षक की नौकरी करनेवाली शिक्षिका पर निगरानी विभाग पटना के पुलिस निरीक्षक सिकंदर मंडल द्वारा शेखोपुरसराय थाना में फर्जीवाड़ा की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. जिसमें शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र के दरोगी बीघा गांव के प्राथमिक विद्यालय में महिला शिक्षक के रूप में कार्यरत पुष्पा देवी को नामजद अभियुक्त बनाया है.
इसे भी पढ़ें: बेगूसराय में एसटीएफ ने कुख्यात अपराधी अजय सहनी को किया गिरफ्तार
दर्ज प्राथमिकी के संबंध में थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि उक्त महिला शिक्षक शेखोपुरडीह गांव निवासी रैना सिंह की पत्नी है. वह फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्र के सहारे वर्ष 2015 में शिक्षक की नौकरी में बहाल हुई थी.
निगरानी विभाग पटना ने उक्त महिला शिक्षक के शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की जांच करने के बाद फर्जीवाड़ा पकड़ने में सफलता हासिल की.
निगरानी विभाग के पुलिस निरीक्षक ने कसार थाना में दो शिक्षिकाओं के विरुद्ध फर्जीवाड़ा की प्राथमिकी दर्ज करायी थी. जिसमें एक शिक्षिका मध्य विद्यालय वरुणा और दूसरी मध्य विद्यालय बरुनी में वर्ष 2014 से जाली शैक्षणिक प्रमाण पत्र के सहारे शिक्षक की नौकरी कर रही थी. इस तरह जिले में अब तक 3 शिक्षकों के विरुद्ध फर्जी सर्टिफिकेट पर नौकरी करने के आरोप में प्राथमिकी निगरानी विभाग द्वारा दर्ज करायी जा चुकी है.




