
Ranchi : राज्य सरकार की ओर से चलाये जा रहे 17 पॉलिटेक्निक कॉलेजों में सीटों की संख्या में एकरूपता लायी जायेगी. इसके लिए उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजने की बात हो रही है. प्रस्ताव पर सरकार की मंजूरी मिलते ही पॉलिटेक्निक कॉलेजों में सीटों की कुल संख्या 5100 हो जायेगी. इस तरह से हर पॉलिटेक्निक कॉलेज में 300-300 सीट हो जायेगी. आठ नये पॉलिटेक्निक कॉलेजों में भी सीट बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है.
पॉलिटेक्निक की बढ़ी मांग की वजह से हो रही तैयारी
विभाग की ओर से स्टूडेंट्स के बीच पॉलिटेक्निक की बढ़ती मांग की वजह से यह कवायद की जा रही है. गौरतलब है कि इस साल पॉलिटेक्निक कॉलेजों में दाखिले के लिए रिकॉर्ड छह लाख आवेदन आये थे. इसी को देखते हुए विभाग सरकार से पॉलिटेक्निक कॉलेजों में सीट बढ़ाने और नये ब्रांच खोलने का अनुरोध करने वाली है. इसके अलावा कॉलेजों में बढ़ते हुए विद्यार्थियों के आधार पर शिक्षकों व कर्मचारियों के पद भी सृजित किये जाने की बात कही है.
इन कॉलेजों की सीटें बढ़ेगी
वर्तमान में पॉलिटेक्निक कॉलेज निरसा खरसावां और भागा में 180-180 सीटें हैं. अब यह कॉलेज अपने नये कैंपस में शिफ्ट हो गया है. साथ ही विद्यार्थियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अब इन संस्थानों में 120-120 सीटें बढ़ाकर कुल 300 सीटों की जायेगी. इसके अलावा पॉलिटेक्निक कॉलेज खुटरी बोकारो में 120 सीटें, पॉलिटेक्निक कॉलेज कोडरमा में 120 सीटें, पॉलिटेक्निक कॉलेज दुमका (पुरुष) में 60 सीटें, पॉलिटेक्निक कॉलेज सिमडेगा में 60 सीटें, पॉलिटेक्निक कॉलेज दुमका (महिला) में 180 सीटें बढ़ायी जायेगी.
इसे भी पढ़ेंः उग्रवादियों से बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद, एनआईए ने जेल में बंद पूर्व मंत्री से की पूछताछ




