
Jamshedpur: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत पस्तु नगर के पास यादव क्लब में ताश खेल रहे लोगों पर पुलिसिया कार्रवाई से नाराज स्थानीय लोगों ने बागबेड़ा थाने का घेराव कर दिया और पुलिस के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया. पूरे थाने को पुलिस छावनी में तब्दील कर पुलिस पदाधिकारियों ने मामले को शांत कराया.
मिली जानकारी के अनुसार दोपहर के वक्त थाना प्रभारी को सूचना मिली कि कीताडीह क्षेत्र में जुआ चल रहा है. सूचना के आलोक में पेट्रोलिंग पार्टी उक्त स्थान पर पहुंची और ताश खेल रहे लोगों को धर दबोचा. उसी दौरान कुछ लोग भागने में सफल रहे और कुछ लोगों ने अपने आप को निर्दोष बताते हुए बस्ती वालों के साथ मिलकर पेट्रोलिंग पार्टी के साथ झड़प शुरू कर दी. किसी तरह से पुलिस ने 6 लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची जहां ग्रामीणों द्वारा थाना पर हमला बोल दिया गया. महिला व पुरुष सैकड़ों की संख्या में पत्थर लेकर थाना में पथराव करने की कोशिश करने लगे. तभी पूरे थाने को पुलिस छावनी में तब्दील कर क्यूआरटी के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए भीड़ को तितर-बितर कर दिया. जानकारी मिलते ही सिटी एसपी और एसएसपी दल बल के साथ बागबेड़ा थाना पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी, जानकारी देते हुए सीनियर एसएसपी डॉ एम तमिलवानन ने बताया कि ताश खेलते छह लोगों को धर दबोचा गया है कुछ लोग अपने आप को निर्दोष बता रहे हैं जिस पर जांच चल रही है उन्होंने कहा इस दौरान सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और जुआ खेलने का भी मामला दर्ज किया जाएगा




