NEWS

ओलंपियन सलीमा की शोहरत से चमकेगा गांव-समाज, करंगागुड़ी को आदर्श गांव बनाएगी सरकार

Ranchi:  खेल से ना केवल खिलाड़ी को शोहरत, रूतबा मिलता है, यह कई तरीके से बदलाव भी लाता है. यहां तक कि उसके गांव-समाज की भी सूरत बदल सकती है. ओलंपियन सलीमा टेटे के गांव करंगागुड़ी को चमकीला रंग रूप बनाने का फैसला इसी की एक बानगी है. केवल सलीमा ही नहीं, इस गांव से अब तक लगभग तीन दर्जन इंटरनेशनल, नेशनल और राज्य स्तरीय खिलाड़ी निकल चुके हैं.

 

संगीता कुमारी, सुषमा कुमारी, ब्यूटी डुंगडुंग, रेशमा सोरेंग और दीपिका सोरेंग जैसे नाम भी हैं जो अब भी देश की सीनियर, जूनियर टीम में अपना हुनर दिखा रही हैं. खिलाड़ी तो एक से एक गांव से निकल रहे, पर गांव अपनी सदियों पुरानी बदरंग छवि से निकल नहीं पा रहा था. पर अब सिमडेगा जिला प्रशासन ने आदर्श गांव के तौर पर करंगागुड़ी को विकसित करने का प्लान बनाया है. 5 जनवरी को सिमडेगा डीसी सुशांत गौरव ने इसका फैसला लिया.

इसे भी पढ़ेंःसिमडेगा मॉब लिंचिंग: पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार, अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

कैसे होंगे बदलाव

सिमडेगा के कारंगागुड़ी गांव को आदर्श गांव बनाने के लिए चयनित किया गया है. इसे आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने की दिशा प्रशासन के द्वारा पहल शुरू भी कर दी गई है. इसके तहत गांव में बेसिक सुविधाओं को बहाल किया जायेगा. इसके लिए पहल विशेष तौर पर शुरू होगी. डीसी के निर्देश पर अब करंगागुड़ी गावं में एम्बुलेंस सुविधा बहाल की जायेगी. इसके लिए नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र के एम्बुलेंस को गांव से टैग किया जायेगा. चालक का मोबाईल नम्बर एवं एम्बुलेंस सुविधा का प्रचार-प्रसार भी किया जाना है. इससे किसी भी विशेष परिस्थिति में ग्रामीणों को एम्बुलेंस की सेवा मिल सकेगी.

टोकियो ओलंपिक से लौटने के बाद सीएम हेमंत के साथ सलीमा व निक्की प्रधान.

जलजीवन मिशन के तहत् नल से जल जल पहुंचाने की योजना का क्रियान्वयन अब ससमय पूरा करने का टास्क संबंधित अधिकारियों को मिला है. बासेन पंचायत में निर्माणाधीन पेयजलापूर्ति योजना से करंगागुड़ी गांव को भी जोड़ा जायेगा. 15वें वित्त की राशि से सॉलि़ड लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट, नाडेफ टैंक, ऑर्गेनिक फार्मिंग, वाटर शेड मैनेजमेंट, शोक पीट, जल संचयन एवं अन्य मनरेगा से संबंधित कार्यों का प्लान बीडीओ को तैयार करने को कहा गया है. साथ ही इसे हर हाल में धरातल पर क्रियान्वित भी करना है. गांव के सभी सखी मंडल की महिलाओं को आजीविका के कार्य से जोड़ने पर काम होगा. ग्रामीणों को मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना का लाभ देने लिए भी विशेष पहल होगी.

इसे भी पढ़ेंःगिरिडीह में ट्रक और कार की टक्कर में एक की मौत, साथी घायल

हर ग्रामीण के घर में एलईडी बल्ब लगाया जायेगा. सरकारी योजना के तहत एलईडी बल्ब की खरीद होगी. हर घर में एलपीजी गैस कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराये जाने को समीक्षा और सर्वे का काम होगा. जल संचयन का कार्य मनरेगा के तहत टेकअप किया जायेगा. पीसीबी, मेड़, चेक डैम, एवं अन्य जल संचयन से संबंधित कार्यों का प्रस्ताव तैयार किया जाना है. इसे मनरेगा से पारित कराते हुए पूरा कराया जायेगा. स्किल डेवलपमेंट प्लान के तहत महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों को उसके रूचि के अनुसार ट्रेनिंग दी जायेगी. करंगागुड़ी में ग्रामीण बाजार हेतु बुनियादी सुविधा बहाल किया जायेगा. संबंधित सीओ इसके लिए समुचित भूमि से संबंधित प्रतिवेदन डीसी को सौंपेंगे.

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, सोशल सिक्योरिटी पेंशन योजना, विकलांग योजना एवं अन्य पेंशन योजना से हर एलिजिबल व्यक्ति को देने पर काम होगा. गांव में एक प्रज्ञा केंद्र ऑफिस की सुविधा दी जायेगी. डिजिटल साक्षरता के तहत पीएमजीपी के तहत सभी युवाओं एवं योग्य लोगों को 7 दिन का डिजिटल साक्षरता का ट्रेनिंग दिया जायेगा. कृषि कार्य के लिए नजदीकी नदी से लिफ्ट एरिगेशन के माध्यम से सिंचाई सुविधा बहाल की जायेगी. गांव में बने सभी तालाबों में मत्स्य योजना को बढ़ावा देने की भी योजना है.

हॉकी खिलाड़ियों से सिमडेगा की पहचान

केवल करंगागुड़ी ही नहीं, समूचे सिमडेगा जिले की ही पहचान हॉकी के नर्सरी के तौर पर रही है. सिमडेगा से सीनियर और जूनियर मिलाकर कई विशिष्ट प्लेयर निकले हैं. हॉकी सिमडेगा के प्रमुख मनोज कोनबेगी ने आदर्श गांव के तौर पर करंगागुड़ी के चयन के लिये सरकार का आभार जताया है. कहते हैं कि इंडिया के लिए माइकल किंडो (अर्जुन अवॉर्ड, तीन वर्ल्ड कप मेडल), सिल्वानुस डुंगडुंग (ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट, ध्यानचंद अवार्डी), समुराय टेटे (ध्यानचंद अवार्डी), असुंता लकड़ा (पूर्व कप्तान), विमल लकड़ा, कांति बा, मसुरा सुरीन, सलीमा टेटे (वर्तमान टीम इंडिया, डिफेंडर), अलका डुंगडुंग (जूनियर इंडिया टीम) सहित लगभग तीन दर्जन खिलाड़ियों ने अपनी चमक बिखेरी है. अब सरकार की बारी है. करंगागुड़ी को आदर्श गांव बनाने से खेल संस्कृति को और भी बढ़ावा मिलेगा. गांव समाज की व्यापक पहचान देश दुनिया में बनेगी.

Related Articles

Back to top button