
Bengaluru : कर्नाटक में सियासी घमासान के बीच खबर है कि कांग्रेस और जेडीएस के 10 असंतुष्ट विधायक जिस चार्टर्ड विमान में बेंगलुरू से शनिवार मुंबई गये, वह भाजपा के राज्यसभा सदस्य राजीव चंद्रशेखर से जुड़ी एक कंपनी जूपिटर कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड का है. जान लें कि चंद्रशेखर कंपनी के संस्थापक और चेयरमैन हैं. यह जानकारी कंपनी सूत्रों के हवाले से सामने आयी है.
विमान कंपनी के अधिकारियों ने यह स्वीकार किया कि विधायकों को ले जाने वाला विमान जूपिटर कैपिटल का है. साथ ही स्पष्ट किया कि वे एक कंपनी चला रहे हैं और जो कोई भी विमान का इस्तेमाल करना चाहे वह कर सकता है. कंपनी के एक उच्चाधिकारी ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर कहा, विमान को नियमित तौर पर विभिन्न व्यक्तियों द्वारा किराये पर लिया जाता है. इस क्रम में अधिकारी ने इस बारे में कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया कि उड़ान की बुकिंग किसने और किसकी ओर से की थी.
इसे भी पढ़ेंः कर्नाटक में इस्तीफे की बाढ़ः कांग्रेस के सभी मंत्रियों ने छोड़ा पद, असंतुष्टों को मनाने की कोशिश
सरकार गिराने की कोशिश के पीछे भाजपा का हाथ
कांग्रेस ने भाजपा पर कर्नाटक में जेडीएस के साथ पार्टी की सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार को सत्ता से हटाने के लिए षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है. पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, पूर्व केंद्रीय मंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे और कर्नाटक के जल संसाधन मंत्री डी के शिवकुमार ने रविवार को अपना यह आरोप दोहराया कि इस दक्षिणी राज्य में वर्तमान राजनीतिक कारगुजारी के पीछे भाजपा है. हालांकि भाजपा ने कहा कि उसका इससे कोई लेना देना नहीं है.
कांग्रेस प्रवक्ता राधाकृष्णन ने यह स्पष्ट रूप से कहा, सरकार गिराने की कोशिश के पीछे भाजपा का हाथ है. वे लोगों को मूर्ख नहीं बना सकते. कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेता इसमें शामिल हैं. उनकी भूमिका पूरी तरह से स्पष्ट है. राधाकृष्णन ने दावा किया कि असंतुष्ट विधायकों के शनिवार को राज्यपाल वजुभाई वाला से मुलाकात करके राजभवन से बाहर आने के बाद उन्हें ले जाने के लिए चार्टर्ड विमान को एचएएल हवाई अड्डे पर तैयार रखा गया था. आरोप लगाया कि सरकार गिराने का षड्यंत्र एक सप्ताह पहले रचा गया , जब जेडीएस विधायक ए एच विश्वनाथ दिल्ली गये थे और वहां भाजपा नेताओं से मिले थे.
इसे भी पढ़ेंःवंदे भारत एक्सप्रेस के लिए यात्रियों का बढ़ा इंतजार, बंद हुआ प्रोडक्शन !




