JharkhandRanchi

तीन जून तक अप्रैल का मानदेय देने का वादा, पारा शिक्षकों ने कहा, आंदोलन की जरूरत

Ranchi :  एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा के शिष्टमंडल ने शुक्रवार को परियोजना कार्यालय में उपस्थित पदाधिकारियों से मुलाकात की. परियोजना निदेशक की अनुपस्थिति में शिष्टमंडल प्रशासी पदाधिकारी एवं लेखा पदाधिकारी से मिला. जानकारी दी गयी कि अलग अलग तारीखों में पारा शिक्षकों का मानदेय दिया जायेगा.

अधिकारियों से पारा शिक्षकों को जानकारी मिली कि तीन जून तक अप्रैल माह का मानदेय दिया जायेगा. दस जून तक मई और 15 से 25 जून तक फरवरी और मार्च का मानदेय भुगतान किया जायेगा.

इसे भी पढ़ें – Police Housing Colony: DGP डीके पांडे की पत्नी ने पहले करायी फर्जी तरीके से जमीन की रजिस्ट्री फिर म्यूटेशन

10 जून के बाद बैठक बुलाई जायेगी

अधिकारियों ने पारा शिक्षकों को आश्वासन देते हुए कहा कि माह-जून से नियमित मानदेय भुगतान किया जायेगा. वहीं बताया गया कि नियमावली निर्माण को लेकर 10 जून के बाद बैठक बुलाई जायेगी. पारा शिक्षकों ने अधिकारियों से मुलाकात करने के बाद बताया कि राज्य परियोजना पारा शिक्षकों के मुद्दे को लेकर संवेदनशील नहीं है. मानदेय भुगतान को लेकर अजीबोगरीब स्थिति बनी हुई है. पहले भी पारा शिक्षकों को तारीख ही बतायी गयी थी.

आंदोलन की रणनीति बना रहे पारा शिक्षक

मोर्चा के संयोजक संजय दूबे ने जानकारी दी कि पारा शिक्षकों को लेकर सरकार से लेकर अधिकारियों तक में संवेदनहीनता है. गरीबी में किस तरह पारा शिक्षक सुदूर क्षेत्रों में पढ़ा रहे हैं. उनके परिवार की क्या स्थिति है, इससे सरकार अनभिज्ञ है. उन्होंने कहा कि इस परिस्थिति में मुख्यमंत्री आवास के समक्ष प्रदर्शन करने की आवश्यकता है.

जिसमें लंबित मानदेय भुगतान के साथ नियमित भुगतान, नियमावली निर्माण, हड़ताल के क्रम में मृत पारा शिक्षकों के परिजनों को घोषित मुआवजा राशि का भुगतान एवं केस वापसी को लेकर दबाव बनाया जायेगा.

इसे भी पढ़ें – कैबिनेट की पहली बैठकः आतंकी और नक्सली घटनाओं में शहीद हुए जवानों के बच्चों की छात्रवृत्ति में बढ़ोत्तरी

सात जून को राज्य स्तरीय बैठक करेंगे पारा शिक्षक

जानकारी दी गयी की सात जून को धुर्वा गोल चक्कर के पास पारा शिक्षकों की राज्य स्तरीय बैठक की जायेगी. जिसमें प्रदर्शन की रणनीति बनाई जायेगी. संजय दूबे ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में आचार संहिता लगने के पहले सरकार को पारा शिक्षकों की मांगों पर निर्णय लेने को बाध्य करना होगा. उक्त बैठक में सभी 24 जिलों के कुछ अगुआ साथियों को लेकर एक टीम का निर्माण कर आगे की रणनीति तैयार की जायेगी.

उन्होंने कहा कि शुक्रवार को ही मुख्यमंत्री आवास के समक्ष धरने के लिए तारीख तय होनी थी, लेकिन कुछ साथियों के अनुपस्थित रहने के कारण तारीख तय नहीं की गयी. वहीं मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री नहीं थे एवं शिक्षा सचिव से मुलाकात नहीं हो सकी. इस लिए सात जून को बैठक के बाद आगे की रणनीति तय की जायेगी. मौके पर बजरंग प्रसाद, मोहन मंडल, सिंटू सिंह समेत अन्य उपस्थित थे.

Related Articles

Back to top button