
Ranchi: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि बिजली के बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती. अक्टूबर 2019 तक निर्बाध रूप से 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा 80 ग्रीड और 257 सब स्टेशन का निर्माण कराया जा रहा है. किसानों के लिए भी अलग फीडर होंगे. खेती के लिए 6 घंटे निर्बाध बिजली किसानों को इस फीडर के माध्यम से मिलेगी. गांव में बिजली सड़क जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं पहुंचेंगे तो निश्चित रूप से गांव के लोगों का रहन-सहन बदलेगा. सभी के जीवन में बदलाव आएगा. उक्त बातें मुख्यमंत्री ने आज मधुपुर महोत्सव को संबोधित करते हुए कहीं. इससे पहले भी मुख्यमंत्री ने निर्बाध बिजली पहुंचाने का दावा कर चुके हैं, पर दावा फेल हो चुका है.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मधुपर्क पत्रिका का विमोचन किया गया. मौके पर मधुपुर में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 21 प्रबुद्ध व्यक्तियों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया.

राज्य से उग्रवाद गिन रहा है अंतिम सांसें
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें विकास को आंदोलन बनाना है. सरकार की प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा है. आज झारखंड में उग्रवाद अपनी अंतिम सांसे गिन रहा है. उन्होंने संथाल परगना के डीआईजी राज कुमार लकड़ा, पुलिस अधीक्षक वाईएस रमेश तथा सभी पुलिस जवानों को साधुवाद एवं धन्यवाद दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं पूरे झारखंड के पुलिस के जवानों को धन्यवाद देता हूं. क्योंकि उनकी वजह से ही आज आम लोग अमन-चैन से अपनी जिंदगी जी रहे हैं. उन्होंने कहा कि समाज से भटके लोग मुख्यधारा से जुड़े और अपनी जिंदगी को बेहतर ढंग से जीयें.
महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से समृद्ध बनाना है
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और राज्य को अगर सशक्त और विकसित रूप में स्थापित करना है, तो यहां की महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना होगा. महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बना कर ही विकास की कल्पना की जा सकती है.
संस्कृति ही देश और राज्य की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा किसी भी देश और समाज की पहचान उसकी संस्कृति उसकी परंपरा से होती है. संस्कृति और परंपरा को ही ध्यान में रखते हुए आज मधुपुर महोत्सव का आयोजन किया गया है. उन्होंने कहा कि मैं जो आपसे वादा करता हूं उसे हर हाल में पूरा करता हूं. बिचौलिया मुक्त झारखंड बनाना सरकार का संकल्प है.




