
Koderma: जिले के जयनगर प्रखंड के पिपचो मां गंगा पब्लिक स्कूल के मैदान में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅक्टर मोहन यादव ने गुरुवार को महती सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश ने 56 ईंच के सीने वाला को प्रधानमंत्री बनाया है, ना खाएगा ना खाने देगा. कार्यक्रम की अध्यक्षता परसाबाद मंडल अध्यक्ष विजय कुमार राणा व संचालन जिला अध्यक्ष अनूप जोशी ने किया. केन्द्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सह सांसद अन्नपूर्णा देवी, विधायक अमित कुमार यादव, डॉ नीरा यादव सहित कई लोगों ने अंग वस्त्र, चित्र एवं फूल माला से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को का स्वागत किया. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव ने गठबंधन पर जमकर निशाना साधा. कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी के कार्यकाल में देश विकास के पथ पर अग्रसर हो चुका है. आने वाले दिनों में फिर से नरेंद्र मोदी सत्ता में पहुंचेंगे तो देश को सर्वोच्च स्थान तक ले जाएंगे. उन्होंने कहा कि अब तक सरकार की ओर से धारा 370 हटाने के बाद विकास और सामाजिक न्याय के आंकड़ों को खिलाया जा रहा है लेकिन अब जिस तरह वोटर बाहर निकले हैं लोकतंत्र की मजबूती का भी साथ दे दिया है. राम मंदिर आपने दे दिया है, अब कृष्ण मंदिर की बारी है. और अबकी बार 400 पार, अबकी बार मोदी सरकार के नारा लगाया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड में नौकरिया को बेच देने का काम किया है. यह झारखंड के लिए दुर्भाग्य है कि मुख्यमंत्री जेल में है. उन्होंने कहा कोडरमा की धरती अबरख की धरती के नाम से जाना जाता है. यहां खनिजों का भंडार है फिर भी झारखंड प्रदेश के लोग पलायन करने पर मजबूर हैं. यदि फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार देश में बनती है और अन्नपूर्णा देवी कोडरमा लोकसभा से चुनाव जीतकर दिल्ली पहुंचती हैं तो प्रत्येक जिले में रोजगार के अवसर खोले जाएंगे. सांसद अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भारत सरकार के अंदर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न योजनाओं को धरातल पर उतारा है. प्रधानमंत्री देश हित में सोचकर देश के विकास में काम कर रहे हैं. धन को लूटाने का काम नहीं कर रहे हैं. आज चुनाव में पैसे का खेल खेला जा रहा है. लगता है गठबंधन वाले अपना संतुलन खो चुके हैं. वहीं विधायक अमित कुमार यादव ने कहा कि यह है मोदी के गारंटी, आपके एक वोट से भ्रष्टाचार पर हुआ करारा प्रहार. इस बार आपके वोट से जनता को लूटने वाला हर भ्रष्टाचारी पहुंच जाएगा सलाखों के पीछे. इसलिए मैं पुनः आप लोगों से आग्रह करता हूं कि 20 मई को एक-एक वोट भारतीय जनता पार्टी कमल फूल छाप में देकर अन्नपूर्णा देवी को विजय बनाएं. कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ के मंत्री गोमती सोय, डॉ. नीरा यादव, बटेश्वर मेहता, रमेश सिंह, सुरेंद्र भाई मोदी, केदारनाथ यादव, कुमकुम देवी, नितेश चंद्रवंश, सुरेश यादव, जयप्रकाश राम, रामदेव मोदी, कविता देवी सहित कई लोगों ने संबोधित किया. मौके पर विधायक प्रतिनिधि रामजी यादव, मनोहर मोदी, महेंद्र बर्मा, मनोज चौधरी, यमुना यादव, विजय पंडित, अरुण राना, अजय यादव, ललीत शर्मा मौजूद थे.
सभा के पहले निकली मोटरसाइकिल रैली
जयनगर. प्रखंड के परसाबाद भाजयुमो मंडल अध्यक्ष विजय यादव के नेतृत्व में सैकड़ों के संख्या में मोटरसाइकिल रैली के साथ नगर भ्रमण करते हुए भाजपा जिन्दाबाद जिन्दाबाद, अबकी बार चार सौ पार, अबकी बार मोदी सरकार नारे लगाते हुए पीपचो पंडियाडीयाडीह मैदान में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅक्टर मोहन यादव के चुनावी सभा में शामिल हुए.




