
Rajeshwar Pandey
Chaibasa: पश्चिम सिंहभूम के गुवा में पुलिस नक्सली मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़कर अब पांच हो गयी है. पुलिस ने मुठभेड़ के बाद इलाके में चलाये गए सर्च ऑपरेशन में घटना स्थल से एक और महिला नक्सली का शव बरामद किया. बरामद शव की पहचान सपनी हांसदा के रूप में किया गया. मालूम रहे की पिछले कई महीनो से कोल्हान और सारंडा के जंगल में बड़े माओवादी नेता की तलाश में सुरक्षाबल के जवान सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. लेकिन सोमवार को हुए मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने कई ईनामी बड़े माओवादी नेता को मार गिराया है. यही नहीं मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने हथियार और नक्सलियों का अन्य सामान भी बरामद कर जब्त कर लिया है. और एक माओवादी एरिया कमांडर सहित महिला माओवादी को मौके से गिरफ्तार किया गया है. सुरक्षाबलों ने माओवादियों के कैम्प को ही ध्वस्त कर दिया है. मुठभेड़ में मिली इस कामयाबी से सुरक्षाबल के जवानों का हौसला बुलंद हैं.


सोमवार देर शाम को पश्चिम सिंहभूम एसपी आशुतोष शेखर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मुठभेड़ की अधिकारिक जानकारी साझा की है. एसपी ने बताया है की नक्सली संगठन माओवादी नेता अजय महतो और कांडे होनहागा के गुआ थाना एवं जेटेया थाना के सीमावर्ती क्षेत्र लिपुंगा, कुलासाई, झीरझोर व राईका के आस-पास पहाड़ी/जंगली क्षेत्र में सक्रीय होने की सुचना पुलिस को मिली थी. जो की किसी बड़े विध्वंसक काण्ड को अंजाम देने की फिराक में थे.
इस सुचना पर चाईबासा पुलिस, कोबरा, झारखण्ड जगुआर और सीआरपीएफ के द्वारा एक संयुक्त अभियान दल गठित कर 16 जून रविवार की रात से इलाके में सर्च अभियान शुरू किया गया था. इसी अभियान के दौरान 17 जून सोमवार सुबह लगभग 05.30 बजे गुआ थाना क्षेत्र के लिपुंगा और कुलासाई के पास जंगली पहाड़ी क्षेत्र में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी दस्ता के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ हो गयी. मुठभेड़ लगभग एक घंटे तक चली. सुरक्षाबलों ने आत्मरक्षा में फायरिंग की जिसमें दो महिला माओवादी समेत पांच माओवादी मारे गए. इनमें से तीन पर सरकार ने ईनाम भी घोषित कर रखा था. इस दौरान सुरक्षाबलों ने एक माओवादी एरिया कमांडर सहित महिला माओवादी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया.
मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के जवानों ने घटना स्थल से माओवादियों का दो एसएलआर राइफल, एक इंसास राइफल, एक 3 नट 3 राइफल, दो बोल्ट एक्शन राइफल, एक 9 एमएम पिस्टल, 13 डेटोनेटर, नक्सली साहित्य, 18 लोगो की ठहरने की सामग्री, जीवनरक्षक दवाईयाँ, सहित अन्य दैनिक उपयोग के सामान मौके से मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन में बरामद किया गया. बतौर पुलिस मारे गए माओवादी जोनल कमिटी सदस्य कांडे होनहागा पर 93 नक्सली हिंसक वारदात के मामले दर्ज हैं. वहीं भाकपा माओवादी सबजोनल कमिटी सदस्य सिंहराय उर्फ़ मनोज कुंजम पर जिले के विभिन्न थानों में 19 नक्सली हिंसक वारदात के मामले दर्ज हैं.
इसके अलावे माओवादी एरिया कमांडर टाईगर उर्फ पाण्डू हांसदा पर छोटानागरा थाना में तीन मामले दर्ज हैं. पुलिस का कहना है की ईलाके में पुलिस का नक्सल विरोधी अभियान अभी भी सारंडा और कोल्हान के जंगलों में जारी है. जंगल में अभी भी नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, चमन, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन जैसे बड़े माओवादी नेता सक्रिय हैं. पुलिस इन सभी का खात्मा कर जंगल में नक्सली खौफ को ही ख़त्म करने की दिशा में आगे बढ़ रही है.




