
Ranchi : 24 जनवरी को झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश राजद कार्यकारिणी की बैठक होगी. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह के निर्देश पर यह बैठक बुलायी गयी है. यह बैठक सुबह 11 बजे से राजद प्रदेश कार्यालय, रांची में होगी. इसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष करेंगे. मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री सह झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश यादव भी कार्यक्रम में भाग लेंगे.
पार्टी के लिए बनायी जायेगी भविष्य की रणनीति
पार्टी की बैठक में झारखंड में पार्टी की वर्तमान स्थिति के साथ साथ भविष्य के लिहाज से भी अहम विषयों पर चर्चा की जायेगी. झारखंड प्रदेश राजद के प्रदेश प्रवक्ता मोo इस्लाम के अनुसार बैठक में कई बिंदुओं पर चर्चा होनी है. राज्य स्तर पर संगठनात्मक पहलुओं की समीक्षा और इसके लिए युद्ध स्तर पर कार्य करने की तैयारियों पर चर्चा होगी. इसमें राज्य के सभी जिलों में राजद की वर्तमान स्थिति, जिले से लेकर प्रखंड और पंचायत स्तर तक सदस्यता अभियान, जिलों में विभिन्न प्रकोष्ठों की वर्तमान स्थिति, वार्ड पार्षद से लेकर मुखिया, सरपंच, जिला परिषद सहित विभिन्न संवैधानिक पदों पर राजद की भागीदारी जैसी स्थितियों की समीक्षा होगी. इसके अलावे विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर भी चर्चा की जायेगी.
किन्हें होना है सम्मिलित
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकारिणी की बैठक को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है. इसमें प्रदेश राजद के महत्वपूर्ण पदाधिकारियों, राज्य कार्यकारिणी के सदस्यों, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, सभी जिलों के जिला अध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों सहित राजद के सभी प्रमुख नेताओं को बैठक में भाग लेने की विशेष अपील की गयी है.




