
Nalanda: जिले में एक शादी समारोह के दौरान दूल्हे के भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना बेन थाना क्षेत्र के अकैड गांव की है. जहां वरमाला के दौरान कुछ ऐसा हुआ कि लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे के भाई को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया. जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इस बात से आहत दूल्हे ने शादी करने से इनकार कर दिया.
मृतक की पहचान इस्लामपुर थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी गोपाल प्रसाद के 25 वर्षीय पुत्र शिव कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि देर रात को परबलपुर थाना क्षेत्र के बाना बिगहा गांव निवासी जगदीश प्रसाद के बेटे भूषण कुमार की बारात अकैड गांव पहुंची थी. गाजे-बाजे के साथ बारात दुल्हन के दरवाजे पर पहुंची थी. बाराती डीजे की धुन पर झूम रहे थे. तभी जयमाला के दौरान स्प्रे को लेकर विवाद हो गया. बात इतनी बढ़ गई की दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई.
लड़की पक्ष के लोगों ने बारातियों की जमकर पिटाई कर दी. इसी दौरान वधू पक्ष के लोगों ने दूल्हे के ममेरे भाई शिव कुमार की जमकर पिटाई कर दी. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन-फानन में वर पक्ष के लोगों ने शिवकुमार को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस बात से आहत दूल्हे ने शादी करने से इनकार कर दिया और बिना शादी के ही बारात वापस लौट गई. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले के छानबीन में जुट गई है.
ये भी पढ़े : फूड टेस्टिंग लैब में मांगे गए थे केमिकल एक्सपर्ट, विभाग ने भेज दिया लैब टेक्निशियन




