
Dhanbad : धनबाद थाना क्षेत्र के एशियन द्वारिका दास जालान अस्पताल में एक बच्ची की मौत हो गई. जिसके बाद परिजनों ने जम कर हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गलत तरीके से बिल बनाने और बच्ची का शव नहीं देने का आरोप लगाया है. महाराजगंज निवासी प्रदीप मंडल ने मीडिया को बताया कि उनकी बच्ची को सांस लेने में काफी समस्या आ रही थी. जिसके बाद 29 फरवरी को जालान अस्पताल में भर्ती कराया था. बच्ची को अस्पताल के NICU में भर्ती किया गया था. 4 फरवरी की दोपहर को बच्ची की मौत हो गई थी जबकि अस्पताल प्रबंधक के द्वारा 4 फरवरी की रात को भी डॉक्टर का फीस जोड़ लिया गया था. साथ ही उन्होंने बताया 29 तारीख से लेकर पिछले 2 तारीख तक लगभग 40 हज़ार रुपये से अधिक की दवा मंगायी गयी. 2 तारीख तक लगभग 46 हज़ार रुपया का बिल बनाया गया है. आज फाइनल बिल लगभग 66 हज़ार का बनाया गया है. जब उक्त बिल की जांच की गई तो काफी कुछ गड़बड़ मिला. लेकिन जब इसका हम सब ने विरोध किया तो उन्होंने कहा कि जब तक पूरा बिल जमा नहीं होगा तब तक आपका बच्ची का शव नहीं दिया जायेगा.
वहीं बच्ची के चाचा दीपक मंडल ने मीडिया को बताया कि कई बार मेडिसिन के बिल को मेडिसिन से मिलाया काफी कम पाया गया. लेकिन इसके बावजूद हम सब ने अपनी बच्ची को ध्यान में रखते हुए कुछ नहीं बोला लेकिन जब बिल की बात हुई तो उसमें कई गलतियां मिली हैं. ऐसे में अस्पताल के साथ-साथ डॉक्टर पर से भी विश्वास उठता जा रहा है.
इधर घटना की सूचना 5 फरवरी को जेबीकेएस को दी गई. मौके पर पहुंची जेबीकेएस के केंद्रीय प्रवक्ता सुशील मंडल ने बताया कि अस्पताल की ओर से गलत तरीके से बिल बनाया गया था जिसे लेकर प्रबंधन से वार्ता की गई. वार्ता के बाद 25000 हजार रुपये देने के बाद शव को परिजनों को सौंपा गया. इस तरह शहर के बड़े-बड़े अस्पतालों के द्वारा बढ़ा चढ़ा कर बिल बनाना सरासर गलत है. ऐसे में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को निगरानी के लिए एक कमेटी का गठन किया जाये. साथ ही ऐसे अस्पतालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए.
वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से डॉक्टर मेजर चंदन कुमार ने बताया कि किसी भी प्रकार का गलत बिल नहीं बनाया गया है. जबकि मरीज को 22 फ़ीसदी की रियायत भी दी गई है. जहां तक शव को नहीं देने की बात है, तो ऐसी कोई बात नहीं है. शव को किसी भी कारण से अस्पताल में रोका नहीं जायेगा.
इसे भी पढ़ें- झारखंड मंत्रिपरिषद की बैठक 6 मार्च को होगी



