
Ranchi. झारखंड हाई कोर्ट के रिम्स परिसर से अतिक्रमण हटाने से संबंधित आदेश को लेकर डीआईजी ग्राउंड के निकट स्थित कैलाश कोठी को तोड़ने से रोकने का आग्रह करने वाली खुशबू सिंह एवं अन्य की याचिका पर झारखंड हाई कोर्ट ने फैसला सुनाया है। कोर्ट ने खुशबू सिंह एवं अन्य की याचिका खारिज दी। कोर्ट के आदेश के बाद अब कैलाश कोठी के तोड़ने की भी कार्रवाई हो सकती है। पूर्व में हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान की अध्यक्षता वाली खंडपीठ में दोनों पक्षों की दलित सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। यहां बता दे की पूर्व की सुनवाई में कोर्ट ने रांची डीसी से प्लॉट नंबर 1694 मौजा मोरहाबादी 33 डिसमिल जमीन का गजट नोटिफिकेशन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। सुनवाई में कोर्ट ने मामले में रांची डीसी को प्रार्थी द्वारा प्रस्तुत किए गए दस्तावेज को वेरीफाई कर बताने को कहा था कि उक्त जमीन का अधिग्रहण किया है या नहीं। अगर इस जमीन का रिम्स द्वारा अधिग्रहण हुआ है तो उसका मुआवजा का भुगतान भुगतान किया गया है या नहीं। वहीं प्रार्थी की ओर से बताया गया था कि अवैध अतिक्रमण बताते हुए कैलाश कोठी को हटाने का नोटिस चिपकाया गया है। लेकिन इस जमीन का अधिग्रहण नहीं किया गया था। प्रार्थी ने कैलाश कोठी का स्वामित्व दस्तावेज भी कोर्ट में प्रस्तुत किया । बताया गया कि यह कोठी जिस जमीन पर बनी है उसका रिम्स द्वारा अधिग्रहण नहीं किया गया है । मामलों में प्रार्थी खुशबू सिंह की ओर से अधिवक्ता समीर सौरव एवं संदीप वर्मा ने पक्ष रखा। उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट ने पिछले दिनों रिम्स से संबंधित एक जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान रिम्स परिसर के निकट के अतिक्रमण को 72 घंटे के भीतर हटाने का आदेश दिया है। इस आदेश के आलोक में रिम्स परिसर के आसपास का अतिक्रमण जिला प्रशासन द्वारा हटाया जा रहा है।




