
Ranchi: झारखंड सरकार ने तत्कालीन अनुमंडल पदाधिकारी हजारीबाग रहे अशोक कुमार को 30 अप्रैल की तिथि से ही निलंबन से मुक्त करने का निर्णय लिया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उन्हें विभाग में पुनः योगदान देने की अनुमति दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहसिंघना थाना कांड संख्या 235/24 (दिनांक 27.12.2024) के तहत न्यायिक हिरासत में लिए जाने के कारण श्री कुमार को 10 फरवरी 2025 से निलंबित किया गया था। बाद में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा Cr.M.P. No. 1401 of 2025 में पारित आदेश के आलोक में संबंधित आपराधिक कार्यवाही को निरस्त कर दिया गया। इसके पश्चात प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, हजारीबाग द्वारा भी मामले में कार्यवाही समाप्त कर दी गई।
हिरासत से मुक्त होने के बाद श्री कुमार ने 29 अप्रैल 2025 को विभाग में योगदान समर्पित किया था, जिसे 30 अप्रैल 2025 से स्वीकार कर लिया गया है। विभागीय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के प्रावधानों के तहत उन्हें निलंबन से मुक्त किया जाता है, जबकि निलंबन अवधि से संबंधित निर्णय अलग से लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि श्री कुमार ने अपने आवेदन में निलंबन के दौरान उत्पन्न आर्थिक व मानसिक कठिनाइयों का भी उल्लेख किया था। विभागीय निर्णय से उनके पुनः सेवा में बहाल होने का रास्ता साफ हो गया है।




