JharkhandLead NewsRanchi

आवासीय और डे बोर्डिंग सेंटरों के लिये प्रतिभाओं की तलाश में जुटा झारखंड खेल विभाग

Ranchi: खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय (झारखंड सरकार) काबिल प्रतिभाओं के सेलेक्शन ट्रायल में लग गया है. निदेशालय ने 2021-22 के आयोजन के जरिये प्रतिभा चयन प्रतियोगिता की योजना बनायी है. कोरोना के कारण पिछले कई समय से राज्य के आवासीय (हॉकी एवं तीरंदाजी को छोड़कर) और डे बोर्डिंग सेंटरों के लिये योग्य प्रतिभाओं की खोज का कार्यक्रम शुरू नहीं हो पा रहा था. अब इसके लिये जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक इसके लिये चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा. इस संबंध में निदेशालय ने राज्य के सभी जिला खेल पदाधिकारियों को सूचना भेज दी है. इसके मुताबिक जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जिला मुख्यालय में 21 से 24 फरवरी तक होगा. राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन रांची में 1 से 4 मार्च के बीच होगा.

इतना होगा व्यय

खेल निदेशालय के मुताबिक जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन सभी चौबीसों जिले में जिला मुख्यालय में होगा. हर जिले में इसके लिये 2 लाख रुपये व्यय होने का अनुमान लगाया गया है. मतलब 24 जिलों में चयन प्रतियोगिता के आयोजन में 48 लाख रुपये खर्च होंगे. जिला स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन के संबंध में जिला खेल पदाधिकारी स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करेंगे. आयोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी जैसे खेल मैदान, आयोजन की तिथि और चयनित खिलाड़ियों की सूची सहित अन्य जानकारी निदेशालय को देंगे.

इन शर्तों का पालन जरूरी

जो बच्चे सेलेक्शन ट्रायल में भाग लेंगे, उनकी जन्म तिथि 01 फरवरी 2010 से 31 जनवरी 2012 के बीच की होनी चाहिये. जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले 40 खिलाड़ियों (20 बालक, 20 बालिका) का चयन किया जायेगा. इसके बाद वे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे. इसमें बेहतर करने वालों का आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों के लिये रिक्ति के अनुसार चयन किया जायेगा. उनका मेडिकल टेस्ट भी होगा. जिले में संचालित डे बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्रों के रिक्त जगहों पर खिलाड़ियों का नामांकन जिले में संचालन समिति और संबंधित जिला खेल पदाधिकारी के माध्यम से किया जाना है.

 

Related Articles

Back to top button