
Ahmadabad : गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी अगले एक हफ्ते तक किसी से मुलाकात नहीं करेंगे, लेकिन इस दौरान वह राज्य प्रशासन का संचालन करते रहेंगे. मंगलवार को उन्होंने कांग्रेस के एक विधायक से मुलाकात की थी जो बाद में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए.
मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव अश्विनी कुमार ने बुधवार को बताया कि रूपाणी की सेहत अच्छी है और वह राज्य प्रशासन का संचालन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, वीडियो कॉलिंग और टेलीकॉलिंग जैसी तकनीकी सुविधाओं की मदद से करेंगे.
उन्होंने बताया, ‘‘अगले एक हफ्ते तक मुख्यमंत्री आवास पर किसी आगंतुक को प्रवेश नहीं दिया जाएगा.’’
इसे भी पढ़ेंः #WHO की फंडिंग रोके जाने पर बोले संयुक्त राष्ट्र प्रमुखः संसाधनों को कम करने का यह उचित समय नहीं
कांग्रेसी विधायक इमरान खेड़ावाला और पार्टी के अन्य विधायकों ने मंगलवार सुबह रूपाणी से मुलाकात की थी. उसी शाम खेड़ावाला में संक्रमण की पुष्टि हुई थी.
कुमार ने कहा कि खेड़ावाला ने कोरोना वायरस संक्रमण के नमूने दिए थे. उसके बावजूद वह घर पर नहीं रहे और रूपाणी से मिलने आ गए. ऐसा करके उन्होंने एक बड़ी गलती की है.
इसे भी पढ़ेंः गिरिडीह: #LockDown का अनुपालन करा रहे जवान पर भड़के थाना प्रभारी, नौकरी से हटाने की दी धमकी (देखें वीडियो)
राज्य में दो और लोगों की जान गयी
इधर, राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि गुजरात में कोरोना वायरस से संक्रमित दो लोगों की जान जाने से राज्य में मृतक संख्या 30 हो गई. वहीं 56 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमित मामले 695 हो गए हैं.
उसने बताया कि वायरस से वड़ोदरा की 14 वर्षीय लड़की और सूरत की 45 वर्षीय महिला की जान चली गई. लड़की को कोई मानसिक विकार था और महिला को उच्च रक्तचाप की शिकायत थी.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 56 नए मामलों में से 42 अहमदाबाद, छह सूरत और वड़ोदरा-पंचमहल के तीन-तीन मामले हैं.
इस बीच, गुजरात पुलिस ने सोशल मीडिया पर कोरोना वायरस और लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहों से निपटने के लिए एक नई पहल की है.
गुजरात पुलिस कोरोना वायरस और लॉकडाउन को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और नफरत भरे संदेशों पर नजर रखने के लिए अहमदाबाद और सूरत में साइबर स्वयंसेवकों की नियुक्ति कर रही है.
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, सीआईडी अपराध, शमशेर सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दो सप्ताह से भी कम समय में 800 आईटी , कम्प्यूटर और फोरेंसिक साइंस विशेषज्ञों सहित 5000 से अधिक लोगों ने आवेदन दिया है.
इसे भी पढ़ेंः #Palamu : लाभुकों को अंधेरे में रख कर बिचौलिये ने खाते से निकाले कृषि आशीर्वाद योजना के हजारों रुपये




