Koderma

कोडरमा: स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक के नहीं रहने का मामला, डीसी के निर्देश पर जांच टीम पहुंची सतगावां

Koderma: सतगावां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के अभाव में बच्चे की मौत होने के मामले में जांच टीम ने सतगावां पहुंचकर जांच की. सतगावां थाना क्षेत्र के मरचोई निवासी शंकर सिंह के 5 माह के नवजात पुत्र रोहित कुमार को शनिवार की अहले सुबह गेहुवन सर्प ने डस लिया जिसे परिजनों व ग्रामीणों के मदद से आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सतगावां लाया गया. लेकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक भी चिकित्सक उपस्थित नहीं थे जिससे बच्चे का इलाज नहीं हो सका और उसकी मौत हो गई. आक्रोशित ग्रामीणों को देख कम्पोंडर भी फरार हो गया. मृतक के परिजन मोहनी देवी, नगीना देवी, पीयूष कुमार, रोहित कुमार ने बताया कि सर्पदंश के बाद बच्चे को लेकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचे जहां एक भी डाक्टर उपस्थित नहीं था. मीडिया में खबर आने पर डीसी कोडरमा के निर्देश पर एसी पूनम कुजूर के नेतृत्व में एक टीम गठित कर 24 घंटे के अंदर जांच रिपोर्ट मांगा गया. मामले को लेकर एसी के नेतृत्व में एक जांच दल शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचकर उपस्थित स्वास्थ्यकर्मी व अन्य ग्रामीणों से पूछताछ की. इसके पश्चात उन्होंने मृतक के घर पहुंचकर घर वाले से घटना की जानकारी ली. लोगों ने बताया कि यहां चिकित्सा सुविधा 24 घंटे होना बहुत ही जरूरी है लेकिन यहां पदस्थापित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर रामाशीष चौधरी के लापरवाही के कारण कभी भी समय पर स्वास्थ्य सुविधा ग्रामीणों को उपलब्ध नहीं हो पाता है. जांच दल में एसी पूनम कुजूर के अलावा सीओ ओमप्रकाश बडाईक अन्य लोग शामिल थे.

Related Articles

Back to top button