
Palamu : झारखंड सशस्त्र पुलिस बल केआईजी सुधीर कुमार झा ने व्हाट्सएप पर भ्रामक वीडिया वायरल करने वाले जवान सुनील कुमार पटेल को सस्पेंड कर दिया है. सुनील कुमार पटेल (आरक्षी संख्या 668) जैप-2 टाटीसिलवे रांची में कार्यरत है और एक व्हाट्सएप ग्रुप झारखंड सशस्त्र पुलिस-2 का एडमिन है.
27 अप्रैल को कर दिया था पुराना न्यूज का वीडियो वायरल
जवान ने गत 27 अप्रैल को एक न्यूज चैनल का वीडियो क्लिप ग्रुप में पोस्ट किया था, जिसमें गढ़वा जिलान्तर्गत वज्रगृह की सुरक्षा में लगे आईआरबी के जवान युक्ति नारायण सिंह द्वारा हवलदार अफरोज समद को गोली मारने और हथियार लेकर भाग जाने से संबंधित न्यूज था.
इसे भी पढ़ें गर्मी ऑन, बिजली गॉनः इंलैंड पावर प्लांट से उत्पादन ठप, राज्य भर में लोड शेडिंग, 114 मेगावाट की कमी
सत्यापन कराने पर पुराना न्यूज का वीडियो निकला
आईजी ने कहा है कि वीडियो सामने आने के बाद भ्रम की स्थिति बन गयी थी. जबकि ऐसा कुछ नहीं था. आम चुनाव 2019 को लेकर पर्याप्त सुरक्षा मुहैया करायी गयी है. जैप नियंत्रण कक्ष से गढ़वा में संपर्क किया गया. वायरल वीडियो का सत्यापन कराया गया. जांच में सामने आया कि यह वीडियो गढ़वा में हुए नगर निकाय चुनाव के समय का है. 21 अप्रैल को हुई घटना से संबंधित वीडियो पोस्ट किया गया है. जांच में यह भी सामने आया कि जवान द्वारा उस व्हाट्सएप ग्रुप में और भी भ्रामक और अमर्यादित पोस्ट किये गये हैं.
निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू
आईजी ने जारी किये गये पत्र में कहा है कि जवान द्वारा किया गया कार्य घोर अनुशासनहीनता, कर्तव्यहीनता, स्वेच्छाचारिता और मनमानेपन को दर्शाता है. ऐसे में जवान द्वारा भ्रामक वीडियो वायरल करने पर कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है और विभागीय कार्यवाही के अधीन रखा गया है. आईजी ने कहा कि निलंबन अवधि में जवान का मुख्यालय झारखंड सशस्त्र मुख्यालय-2 टाटीसिलवे, रांची होगा.
इसे भी पढ़ें – दल-बदल मामलाः हाइकोर्ट ने जानकी यादव, अमर बाउरी, गणेश गंजू व नवीन जायसवाल को 10 मई को उपस्थित होने को कहा




