
NewDelhi : पाकिस्तान में रह रहे आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद-370 हटाये जाने पर भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच भारत को धमकी दी है कि आर्टिकल-370 हटाने के बाद भी भारत अपने मंसूबों में कभी कामयाब नहीं हो सकेगा. एएनआई के अनुसार मसूद अजहर का यह बयान मैसेजिंग ऐप टेलिग्राम में सामने आया है. एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार आतंकी मसूद अजहर ने कहा है कि जिस तरह से कश्मीर से विशेष राज्य का दर्जा छीन लिया गया है उससे लगता है कि भारत सरकार ने अपनी हार स्वीकार कर ली है.
अजहर ने कहा कि भारत सरकार के इस कदम से मुस्लिम अपना हक खो देंगे और भारत के बड़े कारोबारी कश्मीर में जमीन खरीद लेंगे. इस क्रम में अजहर ने धमकी देते हुए कहा कि कश्मीर के लोग भारत के मंसूबे को कभी कामयाब नहीं होने देंगे. जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख और संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधित आतंकवादी मसूद अजहर ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने कश्मीर से संवैधानिक दर्जा छीनकर अच्छा नहीं किया.
मुजाहिदीन अपने मकसद के करीब पहुंच चुके हैं
आतंकी अजहर ने धमकी देते हुए कहा कि मुजाहिदीन अपने मकसद के करीब पहुंच चुके हैं. अजहर का यह कथित मैसेज फरान जेफरी के नाम से सामने आया है. मैसेज में कहा है कि कश्मीर में जिहाद का एक अध्याय पूरा हो गया है. भारत के प्रधानमंत्री सोचते हैं किकश्मीर से विशेष दर्जा खत्म हो जायेगा तो भारत के हिंदू पूंजीवादी पूरे कश्मीर को खरीद लेंगे और फिर वे पर्यटन और गलत तरीकों से पैसा कमायेंगे, जबकि कश्मीरी मुस्लिम अपना अस्तित्व खो देंगे. मसूदअजहर ने कहा कि भारत का यह सपना कभी पूरा नहीं होने वाला.
इसे भी पढ़ें : नेशनल कॉफ्रेंस ने आर्टिकल 370 हटाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगायी




