DumkaJharkhandRanchi

दुमका में महिला का अर्धनग्न अवस्था में शव बरामद, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

Ranchi: दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र के सुनसान इलाके से एक 32 वर्षीया महिला का अर्धनग्न अवस्था में शव बरामद किया गया है. महिला कल रविवार के दोपहर स्नान करने नदी गई थी पर वापस घर नहीं लौटी. आज उसका शव बरामद किया गया है. शव को देख ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया है और उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई है.

क्या है पूरा मामला

पूरा मामला दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र स्थित एक गांव का है. मृतका 32 वर्षीया महिला जो चार बच्चे ( तीन बेटी और एक बेटा ) की मां भी है, वह मजदूरी का भी काम करती थी. हर रोज काम कर घर लौटने पर दोपहर बाद वह नहाने के लिये नदी गयी थी. देर शाम होने के बाद भी मां के घर नहीं लौटने पर एक बेटी ने नदी जाकर अपनी मां की खोजबीन की. उसकी मां का कोई पता ठिकाना नहीं था लेकिन वहां उसके द्वारा धोए गए कपड़े पड़े थे,  जिन्हें लेकर वह घर चली गई. जब पिता जो मजदूर हैं मनोज राय देर शाम घर लौटे तो बच्चों ने सारी बात बतायी. पति ने फौरन गांव वालों को सारी बात बतायी. ग्रामीणों द्वारा रात के बारह बजे तक नदी के आसपास और बगल के कुछ गांव तक उसकी खोजबीन की लेकिन महिला का कुछ पता नहीं चला. आज फिर परिजन और ग्रामीण दोबारा खोजबीन में जुट गये. इसी क्रम में काठीकुंड थाना क्षेत्र के ही भवरपाथर गांव के अंतिम छोर में नदी किनारे झाड़ियों के बीच अर्धनग्नावस्था में महिला के शव को ग्रामीणों ने देखा तो वे शोर मचाने लगे.

पुलिस को दी गई सूचना

महिला के शव बरामदगी की सूचना पुलिस को दी गयी. इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, प्रभारी थाना प्रभारी विवेक विल्सन पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पहुंच कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने परिजनों से पूरी जानकारी ली. इधर काठीकुंड पुलिस द्वारा फोरेंसिक टीम को बुलाते हुए डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गयी. ग्रामीण दोषियों के गिरफ्तारी के बाद ही शव उठाने देने की मांग करने लगे लेकिन पुलिस ने उन्हें विश्वास दिलाते हुए जल्द कांड का उद्भेदन करने का भरोसा दिलाया.

क्या कहते हैं एसपी

इस पूरे मामले पर दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लगता है. हत्या से पूर्व महिला के साथ गलत हरकत किये जाने का भी अंदेशा है, जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकती है. शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा.

Related Articles

Back to top button