JharkhandRanchi

बजट सत्र 2025: बगैर स्टेडियम मैनेजर के ही 19 वर्षों से संचालित हो रहा सिल्ली फुटबॉल स्टेडियम

चतरा के गिद्धौर और पत्थलगडा में स्टेडियम के लिए राशि स्वीकृत

Ranchi: सिल्ली, रांची में 2006-07 में एक फुटबॉल स्टेडियम बनाया गया था. पर इसमें अबतक स्टेडियम मैनेजर को नियुक्त नहीं किया जा सका है. सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सिल्ली फुटबॉल स्टेडियम से संबंधित प्रश्न पूछे थे. स्टेडियम में सिंथेटिक टर्फ लगे होने के बावजूद इस स्टेडियम के समुचित रख-रखाव के लिए स्टेडियम मैनेजर की कमी का कारण, फुटबॉल प्रशिक्षक के भी उपलब्ध नहीं होने और प्रशिक्षण केंद्र नहीं खोले जाने पर भी जानकारी मांगी थी. इस पर पर्यटन, खेलकूद विभाग, झारखंड की ओर से बताया गया कि झारखंड खेल प्राधिकरण के कार्यालय आदेश सं-14, दिनांक 16-7-21 के द्वारा स्टेडियम में अस्थाई तौर पर स्टेडियम मैनेजर को नियुक्त किया गया था. परंतु वर्ष 2023 में खूंटी जिला स्थित एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित होनेवाले राष्ट्रीय स्तर के हॉकी प्रतियोगिता के संचालन एवं स्टेडियम के रख-रखाव कार्य को देखते मैनेजर का उधर ट्रांसफर कर दिया गया था. वर्तमान में सिल्ली के फुटबॉल स्टेडियम में स्टेडियम मैनेजर और फुटबॉल प्रशिक्षक पदस्थापित नहीं हैं. हालांकि मैनेजर की उपलब्धता जल्द करा दी जाएगी. स्टेडियम में आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने को जिला संचालन समिति से अनुशंसा प्राप्त है. इसके आलोक में फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने और फुटबॉल प्रशिक्षक की नियुक्ति की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है.

चतरा में स्टेडियम की तैयारी

विधायक कुमार उज्जवल ने चतरा के पत्थलगडा प्रखंड के सिंघानी पंचायत में फुटबॉल मैदान में स्टेडियम का निर्माण और गिद्धौर प्रखंड के गिद्धौर मैदान में स्टेडियम नहीं होने से ग्रामीणों को हो रही परेशानी से संबंधित प्रश्न पूछे. इस पर खेलकूद विभाग की ओर से बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में पत्थलगडा प्रखंड के मौजा बरवाडीह एवं सिंघानी में तथा वित्तीय वर्ष 2023-24 में गिद्धौर प्रखंड के मौजा गिद्धौर में मॉडल प्राक्कलन (प्राक्कलित राशि 84 लाख 4550 रुपए) के अनुरूप प्रखंड स्तरीय स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति दी गयी है.

Related Articles

Back to top button