
Godda : जिला मुख्यालय से 45 किलोमीटर दूर मेहरमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें एक महिला ने सीएचसी के डॉक्टर पर ऑपरेशन के लिए रुपये लेने का आरोप लगाया है. बताया गया है कि महिला पति के हाइड्रोसील का ऑपरेशन के लिए अस्पताल गयी थी. उससे आठ हजार रुपये लिये गये, तब जाकर उनके पति का ऑपरेशन किया गया.
वायरल वीडियो में महिला कह रही है कि उसने डॉक्टर साहब से पहले विनती की कि वह तीन हजार रुपये लेकर आयी है. पति के हाइड्रोसील का ऑपरेशन कर दीजिए. डॉक्टर नहीं माने. आठ हजार रुपये लेने के बाद डॉक्टर ने ऑपरेशन किया. महिला ने बताया है कि डॉक्टर ने दो मरीजों के हाइड्रोसील के ऑपरेशन किए और 16 हजार रुपये वसूले.
यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. जिले के सिविल सर्जन डॉ एस पी मिश्रा ने कहा है अस्पताल प्रबंधन की ओर से इसकी गहराई से जांच कराई जा रही है. इन्होंने यह भी कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यह भी कहा कि कुछ लोग जान बूझकर अस्पताल को बदनाम कर रहे हैं.




