
Palamu: मुहर्रम जुलूस के दौरान राष्ट्रध्वज के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सही पाया गया है. पुलिस जांच में पुष्टि होने के बाद इस संबंध में 1 दर्जन से अधिक नामजद समेत 18 के खिलाफ चैनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पूरे मामले की छानबीन में पुलिस जुटी हुई है. जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की बात पुलिस की ओर से कही गई है.
बताते चलें कि गत शुक्रवार को जिला मुख्यालय से सटे चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर, कल्याणपुर, कंकारी से होकर निकाले गए मोहर्रम जुलूस के दौरान राष्ट्रध्वज के साथ छेड़छाड़ कर उसे लहराते एक वीडियो सामने आया था. इस पर पुलिस ने संज्ञान लिया और छानबीन करते हुए 13 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई, वहीं 4 से 5 अज्ञात के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है.
बताया जाता है कि शुक्रवार पूर्वाहन में शाहपुर, कल्याणपुर-कंकारी से होकर मुहर्रम पर नौवी का जुलूस निकाला गया था. जुलूस में कई प्रोसेशन शामिल थे. डीजे बजाए जा रहे थे। जुलूस के दौरान राष्ट्रध्वज भी लहराया जा रहा था, लेकिन उसके साथ छेड़छाड़ कर दी गई थी. राष्ट्रध्वज के रंग तो संबंधित थे, लेकिन उजले रंग की पट्टी के बीच होने वाले अशोक चक्र को हटा दिया गया था. उसके जगह उर्दू के कुछ शब्द लिखे गए थे और नीचे में तलवार का निशान बना दिया गया था.
आस पास के लोगों ने जब तिरंगे में बदलाव देखा तो उसकी तस्वीरें ले ली और उसे सोशल मीडिया में वायरल किया. हालांकि तबतक इसकी सूचना पुलिस को मिल गई थी.
सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने रविवार को बताया कि अनुसंधान के क्रम में राष्ट्रध्वज के साथ छेड़छाड़ का मामला सही पाया गया. मामले में इंसल्ट टू फ्लैग अधिनियम एवं भावनाएं आहत करने के संबंध में नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और अनुसंधान किया जा रहा है.
चैनपुर के थाना प्रभारी रूपेश कुमार दुबे ने बताया कि मोहर्रम कमेटी के 13 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि 4 से 5 अज्ञात के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.




