
Jamshedpur : एक नवंबर की शाम पांच बजे से झारखंड में आचार संहिता प्रभावी तो हो गयी लेकिन उसके 24 घंटे भी नहीं बीते थे और राजनीतिक दलों ने छठ के बहाने अपने-अपने पोस्टर-बैनरों से शहर को पाट दिया.
पुराने पोस्टर बैनरों की जगह छठ की शुभकामना वाले पोस्टरों ने ले ली. कोई भी नेता शायद इस रेस में पीछे रहा. मुख्यमंत्री रघुवर दास, मंत्री सरयू राय, कांग्रेस के बन्ना गुप्ता समेत कई नेताओं के बड़े-बड़े पोस्टर घाट किनारे और मेन रोड पर दिखने लगे.
ध्यान देने वाली बात ये है कि इन पोस्टरों पर किसी ने चुनाव चिह्न का इस्तेमाल किया तो किसी ने चुनावी स्लोगन का. बड़े-बड़े पोस्टरों ने छठ व्रतियों व आने-जाने वाले श्रधालुओं का खूब ध्यान आकर्षित किया.
आपको ये भी बतां दें कि जेएनएसी (जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति) ने 2 नवंबर की सुबह से ही सभी राजनीतिक बैनरों और पोस्टरों को हटाने का काम शुरू कर दिया था.
इससे नेताओं का काम और आसान हो गया. उसी दिन दोपहर बाद बड़े-छोटे नेताओं के छठ वाले पोस्टर टंग गये. मौका भले ही छठ का था लेकिन पोस्टर रेस के जरिये हजारों लाखों लोगों को वोट के लिए प्रभावित करने की जमकर कोशिश हुई.
पूर्वी सिंहभूम जिले के डीसी रविशंकर शुक्ला ने एक नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेस के जरिये दलों को चेताते हुए कहा था कि नेता छठ पर्व में हिस्सा ले सकते हैं लेकिन चुनाव प्रचार के लिए किसी भी साधन जैसे पोस्टर बैनर या किसी मंच का इस्तेमाल नहीं कर सकते.
इसे भी पढ़ें : #BSSC ने उर्दू निदेशालय में 1505 पदों पर निकाली बहाली, 30 नवंबर तक आवेदन
कहां किसके नाम के लगे पोस्टर
सीएम रघुवर दास
शहर के ह्यूम पाइप एरिया के छठ घाट पर भाजयुमो नेता उमेश पांडेय ने बड़ा पोस्टर लगवाया जो रघुवर दास और नरेंद्र मोदी की तस्वीरों से सजा था.
भाजपा नेता भरत सिंह ने शहर के मुख्य मार्ग पर 50 से भी अधिक बिजली के खंभों पर रघुवर दास के होर्डिग टंगवा दिये जिसमें चुनाव स्लोगन ‘अबकी बार 65 पार’ और ‘कहो दिल से, रघुवर फिर से’ लिखा हुआ था.
इतना ही नहीं, मानगो गोलचक्कर के चारों तरफ योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों वाले बोर्ड नजर आये. खास बात ये हि की इन्हे टांगा नहीं गया था बल्कि ये सभी स्टैंड के सहारे खड़े थे. इन स्टैंडीज को तीन नवंबर के रात से हटा लिया गया.
सरयू राय
शहर के सबसे व्यस्त मानगो पुल पर सरयू राय ने पोस्टर लगवाये. इसमें मंत्री ने अपनी एक बड़ी सी तस्वीर लगवायी. मानगो पुल के नीचे स्वर्णरेखा नदी किनारे दोनों तरफ हर साल लाखों लोग छठ के लिए पहुंचते हैं जिनको इस पोस्टर के जरिये सरयू राय ने बधाई दी. एक पोस्टर एमजीएम चौक पर भी लगाया गया जिसमें सरयू राय पोस्टर से भी बड़े दिखाई दे रहे थे.
बन्ना गुप्ता
छठ के मौके पर पोस्टर वॉर में बन्ना गुप्ता भी किसी से पीछे नही दिखे. उन्होंने भी मानगो पुल के दोनों तरफ बड़े-बड़े बैनर टंगवाये. हाथ जोड़े बन्ना गुप्ता सभी छठ व्रतियों को दीपावली, काली पूजा और छठ की शुभकामना देते दिखे.
बता दें कि गुप्ता पश्चिमी जमशेदपुर से चार बार चुनाव लड़ चुके हैं और एक बार मंत्री तक का सफर भी तय किया है.
इसे भी पढ़ें : #Bokaro: पूर्व विधायक माधव लाल सिंह ने किया निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान
बाबूलाल मरांडी
जेवीएम केंद्रीय महासचिव अभय सिंह ने बाबूलाल की तस्वीर वाले पोस्टर सड़क के बीचोबीच लगवा दिये. इसके साथ चुनाव चिन्ह कंघी वाला झंडा भी सड़क किनारे टंगवाया.
कहा जाता है की अभय सिंह रघुवर दास के कट्टर विरोधियों में से एक हैं. ऐसे में अगर सीएम का पोस्टर लग जाये तो अभय सिंह कहां रुकने वाले थे.
दुलाल भुइयां
जेएमएम इस पोस्टर व़ॉर में जुगसलाई में दिखा. हाल ही में भाजपा छोड़ जेएमएम लौटे दुलाल भुइयां की तस्वीर सड़क के एक तरफ टंगी थी तो दूसरी तरफ उनकी पत्नी अंजना भुइयां की तस्वीर छठ व्रतियों का स्वागत करती दिखी.
दोनों में से चुनाव कौन लड़ेगा, यह भले तय नहीं, लेकिन छठ का फायदा उठाते हुए पति-पत्नी दोनों की तस्वीर जरूर टंग गयी.
इसे भी पढ़ें : #ElectionCommission के सी-विजिल एप से करें आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत, 100 मिनट में होगी कार्रवाई




