
Ranchi :12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सीनियर एवं जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2022 के लिए झारखंड की टीम तैयार की जा रही है. इस क्रम में आज हॉकी झारखंड के टीम के गठन के लिए बालिका उच्च विद्यालय, बरियातू (रांची) में ओपेन चयन ट्रायल किया गया. इसमें राज्यभर से 145 पुरुष हॉकी खिलाड़ियों ने भाग लिया. इनमें से कुल 25 का सीनियर वर्ग के लिए और 25 खिलाड़ियों का जूनियर वर्ग के लिए चयन किया गया है.
हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह के मुताबिक चयनित खिलाड़ियों का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जायेगा. इसके बाद दोनों टीमों के लिए सर्वश्रेष्ठ 18-18 खिलाड़ियों को हॉकी झारखंड से चयनित कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर दिया जायेगा.
चयन ट्रायल में मुख्य रूप से भारतीय हॉकी टीम की पूर्व कैप्टन असुंता लकड़ा, हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी, संयुक्त सचिव माइकल लाल भी उपस्थित थे.
ट्रायल को सफल बनाने में राष्ट्रीय अंपायर मनोज प्रधान, ललित पन्ना, हॉकी रांची के सचिव जयंत केरकेट्टा, करुणा पूर्ति और अन्य की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही.
इसे भी पढ़ें : 10 लाख का इनामी नक्सली सुरेश मुंडा और लोदरो लोहार सोमवार को करेंगे आत्मसमर्पण




