
Giridih : शुक्रवार को बारिश के दौरान हुए वज्रपात से युवक शिवनाथ किस्कू की मौत के दूसरे दिन शनिवार को सदर अस्पताल में हंगामा हुआ. हंगामे की वजह अस्पताल कर्मियों द्वारा शिवनाथ के शव के पोस्टमार्टम के बदले 2500 रुपये की मांग करना था. मृतक शिवनाथ के परिजनों से राशि की मांग किये जाने की जानकारी मिलने के बाद झामुमो अध्यक्ष संजय सिंह अस्पताल पहुंचे और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली.
परिजनों का आरोप था कि शव का पोस्टमार्टम जिन लोगों को करना था, वे उनसे ढाई हजार रुपये मांग रहे हैं. राशि देने में असमर्थता जताने पर पोस्टमार्टम करने वालों ने पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया.
इसे भी पढ़ें – मोदी सरकार ने शहीदों के बच्चों की बढ़ायी स्कॉलरशिप और रघुवर सरकार ने पुलवामा शहीदों को ठगा
शिवनाथ किस्कू शुक्रवार को बकरी चराकर ग्रामीणों के साथ घर लौट रहा था
लेकिन झामुमो नेता के आने के बाद वे लोग पोस्टमार्टम हाउस से खिसक गये. झामुमो नेता संजय सिंह अस्पताल पहुंचे और परिजनों से जानकारी लेने के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया. इस बात की जानकारी मिलने के बाद सिविल सर्जन डा राम रेखा प्रसाद वहां पहुंचे, और हंगामा कर रहे झामुमो नेता को आश्वासन दिया कि कोई शुल्क नहीं लिया जायेगा. सिर्फ बोतल और प्लास्टिक के लिए पैसे लिये जाते हैं.
इसके बाद माहौल शांत हुआ और पोस्टमार्टम की प्रकिया शुरू की गयी. जानकारी के अनुसार पीरटांड के खुखरा, केदुंआडीह गांव निवासी शिवनाथ किस्कू शुक्रवार की देर शाम बकरी चराकर गांव के कुछ ग्रामीणों के साथ घर लौट रहा था, इसी दौरान बारिश शुरू होने के साथ आसमान से बिजली का कड़कना शुरु हो गया.
इसी बीच तो आसमान में तेज आवाज के साथ बिजली कड़की, जिसकी चपेट में आने से शिवनाथ की मौत मौके पर ही हो गयी. शिवनाथ की मौत की जानकारी ग्रामीणों ने परिजनों को दी. दूसरे दिन शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया. जहां हंगामे के बाद शव का पोस्टमार्टम किया गया.




