
New Delhi : देश में कोरोना का प्रसार फिर से बढ़ता देख अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ जारी पांच टी-20 सीरीज के अंतिम तीन मुकाबलों में दर्शकों को स्टेडियम में आने की अनुमति नहीं होगी. मालूम हो कि पिछले मैच में गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन ने 50 फीसदी दर्शकों को मैच देखने के लिए स्टेडयम में आने की अनुमति दी थी. सीरीज का तीसरा मुकाबला आज खेला जाना है. दोनों ही टीमें एक-एक मुकाबला जीतकर फिलहाल बराबरी पर है. दोनों ही टीमें इस मुकाबले में बराबरी के इरादे से उतरेगी.
गुजरात क्रिकेट संघ (जीसीए) के उपाध्यक्ष धनराज नथवानी ने कहा कि 16, 18 और 20 मार्च को होने वाले मैचों के लिए टिकट खरीदने वाले दर्शकों को उनके टिकटों के पैसे वापस कर दिए जाएंगे. नथवानी ने कहा कि अहमदाबाद में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह फैसला किया गया है. बीसीसीआइ से विचार-विमर्श के बाद ही यह फैसला लिया गया है.
गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन ने 1 लाख 10 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में 50 फीसदी दर्शक को टी20 मैच देखने की इजाजत दी गयी थी. भारतीय टीम विजयी एकादश में बदलाव नहीं करना चाहेगी, हालांकि नियमित सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की दो मैचों में आराम के बाद वापसी संभव है. ऐसे में केएल राहुल को उनके लिए जगह बनानी होगी, जो दोनों पारियों में नाकाम रहे। भारत का लक्ष्य अक्टूबर में अपनी मेजबानी में होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए सही संयोजन तलाशना है.




