
Ranchi: सेना की जमीन समेत रांची में अन्य जमीनों की अवैध खरीद बिक्री के मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी के भेजे समन पर सीएम हेमंत सोरेन के आज उपस्थित होने को लेकर संशय बरकरार है. हालांकि अभी तक सीएम सचिवालय की ओर से सीएम के पूछताछ के लिए उपस्थित होने या समय मांगे जाने से संबंधित अनुरोध किए जाने के संबंध में कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है लेकिन माना जा रहा है कि 76वें स्वतंत्रता दिवस एवं अन्य सरकारी कार्यक्रमों से संबंधित व्यस्तता को लेकर सीएम केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी से अतिरिक्त समय की मांग कर सकते हैं. बता दें कि बीते मंगलवार 8 अगस्त को ईडी ने समन जारी कर सीएम हेमंत सोरेन से 14 अगस्त को पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय आने को कहा था. बता दें कि इससे पहले भी ईडी ने अवैध खनन मामले में भी पिछले साल 3 नवंबर 2022 को समन भेजकर सीएम से पूछताछ कर चुका है. ईडी ने राज्य के सीनियर पुलिस अधिकारियों को भी समन की काॅपी भेजते हुए पूछताछ के दिन विधि-व्यवस्था बनाये रखने का निर्देश दिया है.
जमीन से जुड़े मामले में 13 की हो चुकी गिरफ्तारी
जमीन से जुड़े मामले में ईडी अब तक प्रसिद्ध कारोबारी व न्यूक्लियस मॉल के मालिक विष्णु अग्रवाल सहित 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. इसमें रांची के तत्कालीन डीसी छवि रंजन भी शामिल हैं. इसके अलावा जगत बंधु टी स्टेट के निदेशक दिलीप घोष, राजेश ऑटो के निदेशक अमित अग्रवाल, राजस्व कर्मचारी भानु प्रताप प्रसाद, जमीन के फर्जी मालिक का पोता राजेश राय,पावर ऑफ अर्टानी होल्डर भरत प्रसाद, सेना के कब्जेवाली जमीन का फर्जी मालिक प्रदीप बागची, जालसाजी कर जमीन बेचनेवाले गिरोह का सरगना अफसर अली, जालसाज गिरोह का सदस्य इम्तियाज अहमद, सद्दाम हुसैन, तलहा खान और फैयाज खान शामिल हैं.
तीसरा समन
ईडी की ओर से मुख्यमंत्री को पूछताछ के लिए जारी किया जानेवाला यह तीसरा समन है. इससे पहले ईडी ने उन्हें अवैध खनन के मामले में छापामारी के दौरान मिले दस्तावेज के आलोक में पूछताछ के लिए समन भेजा था. एक नवंबर, 2022 को जारी किये गये समन में उन्हें तीन नवंबर, 2022 को हाजिर होने का निर्देश दिया गया था. हालांकि, उन्होंने तीन नवंबर को हाजिर होने के बदले अपनी व्यस्तता का हवाला देते हुए स्थापना दिवस 15 नवंबर, 2022 के बाद समय देने का अनुरोध किया था. ईडी ने सीएम के अनुरोध को स्वीकार करते हुए उन्हें दूसरी बार समन जारी कर 17 नवंबर, 2022 को हाजिर होने का निर्देश दिया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने पत्र भेज कर 15 नवंबर, 2022 को अपनी व्यस्तता समाप्त होने के बाद 16 नवंबर, 2022 को ही पूछताछ के लिए हाजिर होने का अनुरोध किया. लेकिन, ईडी ने इस अनुरोध को अस्वीकार करते हुए उन्हें 17 नवंबर, 2022 को ही हाजिर होने का निर्देश दिया. इसलिए वह पूछताछ के लिए 17 नवंबर, 2022 को हाजिर हुए थे. ईडी ने तीसरी बार आठ अगस्त, 2023 को समन जारी कर उन्हें 14 अगस्त को हाजिर होने का निर्देश दिया है.




