Bihar

पटना के शेल्टर होम में एक लड़की सहित दो महिलाओं की संदिग्ध मौत, संचालक समेत दो गिरफ्तार

Patna: मुजफ्फरपुर के बाद पटना के शेल्टर होम संदेह के घेरे में हैं. दरअशल शहर के राजीवनगर थाना अंतर्गत नेपाली नगर में संचालित एक आश्रय गृह में एक लड़की सहित दो महिलाओं की संदिग्ध मौत होने का मामला प्रकाश में आया है. जिसके बाद समाज कल्याण विभाग सहित जिला प्रशासन के इसकी जांच शुरू कर दी है. पुलिस इस मामले में आश्रय गृह संचालक और कोषाध्यक्ष को गिरफ्तार करके उनसे पूछताछ कर रही है.

इसे भी पढ़ेंःमुजफ्फरपुर के गरीबनाथ मंदिर में जलाभिषेक के दौैरान भगदड़, 15 से ज्यादा जख्मी

मृत लायी गयीं थी महिलाएं- PMCHअधीक्षक

प्रतीकात्मक फोटो

समाज कल्याण विभाग के निदेशक राजकुमार ने बताया था कि गत 10 अगस्त की शाम में उक्त आश्रय गृह में रह रही दो महिलाओं (उम्र 17 और 40 साल) की तबीयत अचानक खराब (एक को डायरिया और दूसरे को बुखार) होने पर अतिरिक्त निदेशक, बाल संरक्षण कामत ने उन्हें इलाज के लिए पटना मेडिकल कालेज भेजा था.

पटना मेडिकल कालेज अस्पताल के अधीक्षक राजीव रंजन प्रसाद के उक्त कथन पर कि उन महिलाओं को अस्पताल मृत लाया गया था, राजकुमार ने कहा कि इसकी पटना के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा विभाग के दो अतिरिक्त निदेशक, बाल संरक्षण राकेश और विनोद द्वारा जांच की जा रही है.

इसे भी पढ़ेंःलोकसभा के पूर्व स्पीकर सोमनाथ चटर्जी का 89 साल की उम्र में निधन

समाज कल्याण के निदेशक ने बताया कि उन लड़कियों को अस्पताल ले जानेवाले वाहन चालक ने उन्हें पीएमसीएच जीवित अवस्था में ले जाने की बात बतायी है. दोनों शवों का पोस्टमार्टम रविवार को किया गया था. उनमें एक लड़की जिसकी उम्र 17 साल थी उसका अंतिम संस्कार अतिरिक्त निदेशक, बाल संरक्षण कामत और उक्त आश्रय गृह को संचालित करने वाली संस्था अनुमाया द्वारा कर दिया गया था, जबकि दूसरी के धर्म के बारे में पता नहीं होने के कारण उसका अभी तक अंतिम संस्कार नहीं किया जा सका है. जांच के अनुसार रिपोर्ट प्राप्त होने पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई होगी.

संचालक समेत दो गिरफ्तार

पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक नैय्यर हसनैन खान ने बताया कि इस मामले में उक्त आश्रय गृह के संचालक चिरंतन कुमार और उसे संचालित करने वाली स्वयं सेवी संस्था की कोषाध्यक्ष मनीषा दयाल को गिरफ्तार करके उनसे पूछताछ की जा रही है. साथ ही इस मामले में पटना के जिलाधिकारी कुमार रवि और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज द्वारा उक्त आश्रय गृह जाकर जांच की गयी है.

इसे भी पढ़ेंःबालिका गृह कांड : 11 घंटे पूछताछ के बाद CBI ने ब्रजेश ठाकुर के बेटे को हिरासत में लिया

उन्होंने बताया कि शुरूआती जांच में आश्रय गृह में रहने के दौरान दोनों महिलाओं के इलाज में लापरवाही बरते जाने की बात सामने आ रही है और अगर यह सिद्ध होता है तो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से कहा है कि वहां रह रही लड़कियों और महिलाओं की देखभाल के लिए जिम्मेवार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करें.

एक शव का फिर से होगा पोस्टमार्टम

हसनैन खान ने बताया कि जिस महिला का अभी तक अंतिम संस्कार नहीं किया गया है उसके शव का पोस्टमार्टम फिर से मेडिकल बोर्ड द्वारा कराये जाने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि उक्त आश्रय गृह से जुड़ें लोगों ने दोनों महिलाओं की मौत होने की सूचना न तो राजीवनगर थाने और न ही पीएमसीएच के करीब के थाना पीरबहोर को दी गई. इतना ही नहीं दोनों शवों का रविवार को पोस्टमार्टम कराकर उसमें से एक का आनन फानन में अंतिम संस्कार भी कर दिया.

इसे भी पढ़ेंःचतरा में निरीक्षण दल पर हमला, विदेशी पर्यटक और कई अधिकारी घायल

पुलिस को क्यों नहीं दी जानकारी ?

खान ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को यह भी जांच करने को कहा गया है कि आश्रय गृह के संचालन के लिए जिम्मेदार लोगों ने पुलिस को दोनों की मौत की इत्तला क्यों नहीं दी और इसे पुलिस से क्यों छिपाया साथ ही पोस्टमार्टम कराकर उसमें से एक का आनन फानन में अंतिम संस्कार क्यों कर दिया.

उल्लेखनीय है कि गत 10 अगस्त को ही उक्त आश्रय गृह से तीन लड़कियां फरार हो गयी जबकि फरार होने की कोशिश कर रही एक अन्य लडकी की शिकायत पर आश्रय गृह के पड़ोस में रह रहे बनारसी नाम के एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. उक्त लड़की ने उस व्यक्ति पर छेड़छाड़ करने तथा प्रलोभन देकर भगाने की कोशिश करने का आरोप लगाया था.

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Related Articles

Back to top button