JharkhandRanchi

आरोपः राजधानी रांची में ऑटो चालकों से हर महीने पुलिस वसूलती है 18 लाख रुपये

Ranchi:  राजधानी रांची में ऑटो चालकों से लालपुर यातायात थाना प्रभारी एवं मुंशी के द्वारा अवैध वसूली किये जाने का आरोप है. इस संबंध में झारखंड प्रदेश डीजल ऑटो चालक महासंघ के द्वारा 14 जून 2019 को ट्रैफिक एसपी से शिकायत भी की गयी है. झारखंड प्रदेश डीजल ऑटो चालक महासंघ ने लालपुर यातायात थाना प्रभारी और मुंशी के ऊपर 18 लाख रुपए हर महीने वसूली करने का आरोप लगाया है. बताया जा रहा है कि इस मामले की शिकायत मिलने के बाद ट्रैफिक एसपी जांच-बड़ताल शुरू कर दी है.

 1200 ऑटो से 1500 रुपये प्रति माह होती है अवैध वसूली

इस मामले में झारखंड प्रदेश डीजल ऑटो चालक महासंघ के अध्यक्ष अर्जुन यादव से बात करने पर उन्होंने बताया कि लालपुर थाना प्रभारी एवं मुंशी के द्वारा शहर में चलने वाले ऑटो चालकों से अवैध वसूली होती है. ऐसे ऑटो जो ओरमांझी से जाकिर हुसैन पार्क,  बूटी मोड से जेल चौक और टाटीसिलवे से कांटा टोली चौक तक चलते हैं, से वसूली होती है. ऐसे 1200 ऑटो हैं. प्रत्येक ऑटो से 1500 रुपये प्रतिमाह लालपुर थाना प्रभारी और मुंशी के द्वारा वसूला जाता है.

 विरोध करने पर किया जाता है अभद्र व्यवहार

झारखंड प्रदेश डीजल ऑटो चालक महासंघ के द्वारा यह शिकायत में कहा गया है कि जो ऑटो चालक मासिक रुपया नहीं देते हैं, उनका ऑटो पकड़ कर थाना में लगा दिया जाता है. परमिट वाले ऑटो को भी जबरन रोककर तत्काल फाइन काटा जाता है. विरोध करने पर अभद्र व्यवहार किया जाता है और ऑटो को थाना में खड़ा कर दिया जाता है.

 पिछले 3 साल से ट्रैफिक थाने में जमे हैं मुंशी

मिली जानकारी के अनुसार लालपुर यातायात थाना के मुंशी पिछले 3 साल से लालपुर यातायात थाना में मुंशी के पद पर जमे हुए हैं. कहा जा रहा है कि मुंशी और थाना प्रभारी की मिलीभगत से ऑटो चालकों से अवैध वसूली का खेल चलता आ रहा है.

 

Related Articles

Back to top button