JharkhandRanchi

आज भी कुछ हिस्सों में होगी भारी बारिश, 14 जुलाई से बारिश में होगी कमी

Ranchi: राजधानी रांची समेत राज्य भर में शुक्रवार को तेज बारिश हुई. इससे राज्य का मौसम सुहाना हो गया. वहीं लोगों को बढ़ते तापमान से भी राहत मिली. मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो झारखंड में मानसून सक्रिय है. इसका असर दिख रहा है. केंद्र के अनुसार पलामू के हरिहरगंज में पिछले 24 घंटे में 155 मिमी से अधिक बारिश हुई.

गोड्डा में 113, राजमहल में 106 और पत्थरगामा में 100 मिमी से अधिक बारिश हुई. राजधानी रांची में इस दौरान 35 एमएम बारिश हुई. मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो राजधानी रांची समेत 8 जिलों में 13 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट है. मौसम विभाग ने कहा है कि रांची और आसपास के इलाकों में मानसून का व्यापक असर देखा जाएगा.

मौसम केंद्र ने कहा है कि शनिवार को मानसून का व्यापक असर कोल्हान और उससे सटे मध्य हिस्सों में देखने को मिलेगा. रांची, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम के साथ साथ सरायकेला-खरसावां जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. मौसम केंद्र ने इस संबंध में येलो अलर्ट जारी कर दिया है.

वहीं, 14 से 18 जुलाई तक मानसून का असर थोड़ा कम होगा. इस दौरान राज्य में कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी, ऐसा अनुमान है. बारिश होने के बाद राजधानी सहित अन्य जिलों का अधिकतम तापमान भी गिरेगा. 14 जुलाई को राजधानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेंटीग्रेड से नीचे रहने का अनुमान है.

Related Articles

Back to top button