
Ranchi: साहिबगंज में 1250 करोड़ के अवैध खनन मामले में आरोपी सुनील यादव की ओर से दाखिल जमानत याचिका की सुनवाई झारखंड हाई कोर्ट में हुई. मामले में दोनों पक्षों की बहस पूरी हो गई. हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की कोर्ट ने मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया. प्रार्थी की ओर से सुनवाई के दौरान कहा गया कि उनके खिलाफ जो आरोप लगे हैं वह निराधार हैं. अवैध खनन मामले में उनकी कोई संलिप्तता नहीं है. उनके खिलाफ मनी लांड्रिंग का कोई मामला नहीं बनता है.सुनील यादव की ओर से अधिवक्ता सब्यसाची ने पक्ष रखा. दरअसल 7 अक्टूबर 2023 को ईडी के विशेष न्यायाधीश पीके शर्मा की कोर्ट ने सुनील यादव की जमानत याचिका खारिज कर दी थी. सुनील , दहू यादव का भाई है. ईडी कोर्ट ने इन दोनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था. इसके बाद साहिबगंज पुलिस ने 26 अगस्त 2023 को सुनील यादव को गिरफ्तार किया था. इसी मामले में आरोपी सुनील का भाई दाहु यादव अब तक फरार है. बता दे कि ईडी ने साहिबगंज में अवैध खनन घोटाले की जांच में पंकज मिश्रा के साथ ही सुनील यादव और दाहू यादव को अवैध खनन में लिप्त पाया है. मामले में ईडी ने सुनील यादव के खिलाफ भी ईसीआईआर 4 /2022 में मामला दर्ज किया है.
इसे भी पढ़ें: वीरेंद्र राम की जमानत याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी, आदेश सुरक्षित




