JharkhandLead NewsRanchi

सुखलाल महतो के करीबी परिजन को दो सप्ताह के भीतर नौकरी, डुमरी बीडीओ के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर

Ranchi: गिरिडीह जिले के डुमरी ब्लॉक के पंचायत सचिव रहे सुखलाल महतो के करीबी परिजन को दो सप्ताह के भीतर नौकरी मिलेगी. इस संबंध में गिरिडीह जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण फैसला ले लिया है. साथ ही उसके परिजन को मैच्योरिटी और पीएफ का पैसा भी दिया जायेगा. इस संबंध में डीसी, डीडीसी की ओर से सुखलाल के परिजनों को सोमवार को आश्वस्त किया गया है. डुमरी की आजसू पार्टी नेत्री यशोदा देवी ने इस संबंध में जानकारी देते बताया कि डुमरी बीडीओ और अन्य के नाजायज दबाव के कारण सुखलाल ने आत्महत्या कर ली थी. उनके लिए गिरिडीह जिला प्रशासन से न्याय मांगा गया था. लंबे संघर्षों के बाद सफल वार्ता हुई है. स्व सुखलाल महतो के परिजनों को 15 दिन के अंदर नियोजन का वादा डीसी ने किया है. साथ ही सभी नामजद आरोपियों पर एफआईआर और जल्द से जल्द करवाई का भरोसा भी दिया है. सुखलाल महतो के सारे मैच्योरिटी और पीएफ के पैसे परिजनों को जल्द से जल्द सौंप दिए जाएंगे. यशोदा ने सुखलाल के लिए आवाज उठानेवालों को किये गये सहयोग को सहरानीय बताया है. इधर, सुखलाल के बेटे जितेंद्र कुमार ने 13 जून को अपने पिता द्वारा आत्महत्या किये जाने के प्रयास के लिए डुमरी बीडीओ अन्वेषा के अलावा बलथरिया के मुखिया पति परमेश्वर नायक, रोजगार सेवक अनिल कुमार साव और पीएम आवास योजना, डुमरी के बीसी अजय कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. सोमवार को डुमरी थाना में एफआईआर कराते इन सभी को उनके पिता को मानसिक तनाव देने और सुसाइड करने को विवश करने का आरोप लगाया है. साथ ही इन्हें गिरफ्तार कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की भी अपील की है.

Related Articles

Back to top button