
Jamshedpur : दलमा वन्यजीव अभ्यारण्य समेत आसपास के जंगल क्षेत्र में आग लगने पर हाथियों को बचाने की पुख्ता तैयारी की गई है. इसे लेकर वन विभाग की ओर से कई जगहों पर फायर वॉचर्स की तैनाती की जाएगी. दरअसल, दलमा के जंगल में हर साल गर्मी के मौसम में आग लगना आम सी बात हो गयी है. इस बार भी बीते सोमवार को दलमा के कुमरूम टोला के पास आग लग गई थी. आग ने इस कदर विकराल रुप धारण किया था कि 27 फायर ट्रैकर को भी आग बुझाने के लिये करीब छह घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. तब जाकर रात करीब दस बजे तक आग पर काबू पाया जा सका.
उसके बाद से ही वन विभाग ने इस बार तरह की घटनाओं से दलमा में संरक्षित हाथियों को बचाने की जोरशोर से तैयारी की है. इस तैयारी का मकसद हाथियों को बचाना तो है ही, दलमा में तरह-तरह की जड़ी-बूटियों से लेकर पेड़-पौधे और वन्य जीव हैं, उन्हें भी इस तरह की घटना से बचाया जा सके. विभाग के डीएफओ सह गज परियोजना के निदेशक डॉ अभिषेक कुमार के दिशा-निर्देश पर खास तैयारी की गई है ताकि आग लगने की किसी तरह की घटना सामने आते ही उस पर काबू पाने की दिशा में तत्काल कदम उठाया जा सके. इसके तहत दोनों रेंज के फायर वॉचर को एक जगह पर बुलाकर तत्काल आग पर काबू पाये जाने की योजना है.
जानिए कहां होगी फायर वॉचर्स की तैनाती
दलमा के आसनबनी के अलावा मकुलाकोचा, पिंड्राबेड़ा, बालीगुमा, भादुडीह और नूतनडीह सहित आस-पास के इलाकों में फायर वॉचर्स की तैनाती की जाएगी.
ये भी पढ़ें- आदित्यपुर : देबू दास हत्याकांड में एक और अपराधी गिरफ्तार, स्क्रैप कारोबारी पर बम हमले में भी था शामिल




