
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में झारखंड मंत्रालय स्थित सभा कक्ष में आज झारखंड सिल्क, टेक्सटाइल एंड हैंडीक्राफ्ट डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (झारक्राफ्ट) के पदाधिकारियों ने झारक्राफ्ट के बिजनेस मॉडल रिफॉर्म तथा ग्रोथ प्लान के संबंध में प्रेजेंटेशन दिया. पीपीटी प्रजेंटेशन के माध्यम से मुख्यमंत्री को बताया कि झारक्राफ्ट आने वाले दिनों में राज्य में निर्मित उत्पाद अथवा ब्रांड को बाजार में अधिक से अधिक बढ़ावा मिले इसको लेकर एक बेहतर कार्य योजना तैयार कर रहा है.
मौके पर मुख्यमंत्री सोरेन ने पदाधिकारियों से कहा कि झारक्राफ्ट आउटडेटेड प्रोडक्ट न बनाएं बल्कि आधुनिक तकनीक का उपयोग कर सिल्क आधारित उत्पाद बनाने पर अधिक फोकस करें. झारक्राफ्ट अपने उत्पाद की गुणवत्ता सुधारे तथा आधुनिक तरीके से प्रचार-प्रसार करे.
इसे भी पढ़ें:Jharkhand: सरकार ने वापस ली रविवार की बंदी, नदी-तालाबों में शर्तों के साथ छठ की इजाजत
उत्पादों को आकर्षक रूप दें
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान अच्छे डिजाइनर रखकर उत्पाद को आकर्षक रूप दे. मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों से कहा कि अन्य राज्यों के सिल्क से रिलेटेड संस्थानों में स्थापित संयंत्रों, तकनीकों तथा कंसेप्ट का स्टडी करें. मुख्यमंत्री ने कई और महत्वपूर्ण सुझाव पदाधिकारियों को दिए.
मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, उद्योग सचिव पूजा सिंघल, एमडी झारक्राफ्ट आकांक्षा रंजन, निदेशक उद्योग जितेंद्र कुमार सिंह, निदेशक रेशम एवं हस्तकरघा दिव्यांशु झा उपस्थित थे.’
इसे भी पढ़ें:झारखंड में अब जारी नहीं होंगे पीडीएस डीलर लाइसेंस, सरकार ने लगायी रोक




