
Ranchi : आजसू पार्टी अखिल झारखंड पिछड़ा वर्ग महासभा का राज्यस्तरीय सम्मेलन 1 दिसंबर को रांची स्थित आजसू पार्टी केंद्रीय कार्यालय में होगा. सम्मेलन को लेकर पिछड़ा वर्ग महासभा के सभी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये जा चुके हैं. सम्मेलन में कई प्रस्ताव पारित किये जायेंगे. इसमें मुख्य रूप से झारखंड के पिछड़ों को आबादी के अनुसार आरक्षण सुनिश्चित कराना है.
पार्टी के मुताबिक झारखंड में पिछड़ों को राष्ट्रीय मानक के आधार पर आरक्षण मिलना संवैधानिक अधिकार से जुड़ा मामला है. पार्टी का यह मानना है कि आरक्षण सिर्फ आर्थिक नहीं, प्रतिनिधित्व और भागीदारी का भी सवाल है. पिछड़ों की बहुत बड़ी आबादी राज्य में है जबकि उनकी सामाजिक, शैक्षणिक तथा आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है. इस वर्ग का सरकारी एवं अर्ध सरकारी सेवा एवं पदों में प्रतिनिधित्व भी बहुत कम है.
इसे भी पढ़ें : सरयू राय ने जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी के साथ किया साकची बाजार का दौरा, दुकानों की संरचना और समस्या से हुए रूबरू
सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो उपस्थित रहेंगे. साथ ही गिरिडीह सांसद एवं आजसू पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चौधरी, प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस, केंद्रीय महासचिव डॉ. लंबोदर महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष उमाकांत रजक एवं हसन अंसारी, केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत सहित अन्य पदाधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे.
बैठक में अखिल झारखंड पिछड़ा वर्ग महासभा के सभी प्रखंडस्तरीय, जिलास्तरीय एवं राज्यस्तरीय पदाधिकारी मौजदू रहेंगे. सम्मेलन को लेकर पिछड़ा वर्ग महासभा के प्रदेश संयोजक रोशनलाल चौधरी, कुशवाहा शिवपूजन मेहता सहित अन्य पदाधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं.
इसे भी पढ़ें : वेस्ट बोकारो में टाटा की आउटसोर्सिंग कंपनियों के कैंप ऑफिस पर बमबारी, पांच घायल, अमन श्रीवास्तव गिरोह ने ली जिम्मेदारी




