
New Delhi : देश में छह महीने बाद कोविड-19 से हुई दैनिक मौतों की संख्या 300 से नीचे रही जिससे देशभर में मृतकों की कुल संख्या 1,47,343 हो गई, जबकि संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,01,69,118 हो गये.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार सुबह आठ बजे अद्यतन किए गये आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे की अवधि में संक्रमण से 251 और मरीजों की मौत हुई और 22,273 नये मामले सामने आए.
इसे भी पढ़ेंः हाईकोर्ट ने उच्च शिक्षा विभाग पर लगाया था आर्थिक दंड, विश्वविद्यालय भर रहे हैं दंड की राशि
देशभर में इस बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 97,40,108 हो गई, जिससे स्वस्थ होने वालों की राष्ट्रीय दर बढ़कर 95.78 प्रतिशत तक पहुंच गई, जबकि कोविड-19 मामले में मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है.
आंकड़े के अनुसार, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या लगातार पांचवें दिन तीन लाख से नीचे रही. देश में अब 2,81,667 मरीजों का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 2.77 प्रतिशत है. भारत में कोविड-19 मामलों की संख्या सात अगस्त को 20 लाख के आंकड़े को पार कर गई थी, जबकि 23 अगस्त को 30 लाख, 5 सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के आंकड़े को पार कर गई थी.
इसे भी पढ़ेंः पार्ट टाइम नौकरी के नाम पर हो रही थी साइबर ठगी, डीजीपी ने दिया अभियान चलाने का निर्देश
संक्रमितों की संख्या 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ के आंकड़े को पार कर गई.
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, 25 दिसंबर तक 16,71,59,289 नमूनों की जांच हुई है, जिसमें शुक्रवार को हुई 8,53,527 जांच शामिल हैं.
देश में कोविड-19 से मौत के 251 नये मामलों में से 71 महाराष्ट्र से, 31 पश्चिम बंगाल और 30 दिल्ली से हैं.
देश में अब तक हुई कुल 1,47,343 मौतों में 49,129 मौत महाराष्ट्र में हुई हैं, इसके बाद तमिलनाडु में 12,048, कर्नाटक में 12,044, दिल्ली में 10,414, पश्चिम बंगाल में 9,536, उत्तर प्रदेश में 8,279, आंध्र प्रदेश में 7,091 और पंजाब में 5,269 मरीजों की जान गई है.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 70 प्रतिशत से अधिक मौत मरीजों के अन्य बीमारियों से भी ग्रस्त होने के कारण हुईं.
मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर कहा, ‘‘हमारे आंकड़ों को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के आंकड़ों के साथ मिलाया जा रहा है.’’
इसे भी पढ़ेंः हाई स्पीड में बाइक सवार ने हाईवा को किया ओवरटेक, दो युवकों की लाइफ टेकऑफ




