
Ranchi : लॉकडाउन व उसके बाद लाचार व परेशान लोगों की मदद करने से अभिनेता सोनू सूद की लोकप्रियता चरम पर है. देश के हर हिस्से व हर उम्र के लोग इनके मुरीद हो रहे हैं.
हाल में तेलंगाना के सिद्दिपेट जिले के डुब्बा टांडा गांव में ग्रामीणों ने सोनू सूद का मंदिर बनवा दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि ज्यादा से ज्यादा लोग सोनू की दरियादिली को जान सके, इसलिए मंदिर बनवाया गया है. मंदिर में बाकायदा सोनू की मूर्ति लगवाई गई है.
लॉकडाउन के समय बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूरों को उनके घर तक पहुंचाने और कई बेरोजगारों को काम दिलवाने के कारण सोनू सूद पिछले कई महीनों से चर्चा में हैं.
इतनी दरियादिली दिखाकर सोनू ने अपने फैन्स के दिल वो जगह बना ली है जिसकी अन्य कोई स्टार केवल कल्पना ही कर सकता है.सोनू के मंदिर व मूर्ति की तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
इसे भी पढ़ें : Good News : नये साल में 15000 लोगों को अपने ही राज्य में मिलेगा रोजगार
आम आदमी हूं, बस-भाई बहनों की मदद कर रहा हूः सोनू
एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए इस गांव के एक रहवासी ने बताया, सोनू ने महामारी के दौरान कई लोगों की मदद की. यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि हमने उनका मंदिर बनाया.
इस मंदिर के बारे में सुनकर सोनू खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने एक स्टेटमेंट जारी करते हुए लिखा, यह बेहद खुशी का पल है लेकिन इसके साथ मैं ये भी कहूंगा कि मैं इसके काबिल नहीं.
मैं बस एक आम आदमी हूं जो अपने भाई-बहनों की मदद कर रहा है. सोनू ने ट्विटर पर इस बारे में लिखा, मैं आप सबका आभारी हूं, लेकिन मैं इसके काबिल नहीं हूं.
मालूम हो कि हाल ही में सोनू से संबंधित खबर सामने आई थी कि लोगों की मदद के लिए सोनू ने मुंबई की अपनी कई प्रॉपर्टी मॉरगेज करवाई हैं ताकि वह 10 करोड़ रुपए जुटा सकें और उससे अप्रवासी मजदूरों, गंभीर रोगों से जूझ रहे लोगों की मदद कर सकें.
इसे भी पढ़ें : कोरोना से फिर हड़कंप: ब्रिटेन में मिला स्ट्रेन, दुनिया भर के देशों ने बंद की आवाजाही




