
New Delhi: नये ट्रैफिक नियम के तहत भारी भरकम फाइन वसूला जा रहा है. देश भर में इस बढ़े फाइन से लोग परेशान हैं. वहीं धड़ाधड़ कट रहे महंगे चालान से गुड़गांव और फरीदाबाद के लोगों को कुछ दिनों के लिए राहत मिल गई है.
दरअसल, गुड़गांव में अगले 15 दिनों तक कोई चालान नहीं काटा जाएगा, वहीं फरीदाबाद में 15 सितंबर तक राहत दी गई है. हालांकि, इसके पीछे लोगों को जागरूक करने को वजह बतायी जा रही है. लेकिन जानकार इस फैसले को चुनावी माहौल की वजह से लिया गया बताते हैं.
इसे भी पढ़ेंः#NewTrafficFine : देखिये VIDEO, फाइन वसूलने के बहाने पुलिस कर रही अपराधियों जैसा सलूक
गुड़गांव में 15 दिनों की राहत
अगले 15 दिनों तक गुड़गांव में अब कोई भी ट्रैफिक चालान नहीं काटे जाएंगे. ऐसे में यहां के लोगों को कुछ दिन के लिए राहत मिली है.
गुरुवार को जोनल ऑफिसर्स से चालान मशीन जमा करवा ली गई और इन्हें 15 दिन के बाद वापस किया जाएगा. इस बीच लोगों को ट्रैफिक पुलिस सिर्फ जागरूक किया करेगी.
हालांकि इस मामले में कोई भी अधिकारी खुलकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं. लेकिन कयास लगाये जा रहे हैं कि विधानसभा चुनाव और 13 तारीख से आचार संहिता लगने की उम्मीद के बीच चालान रोकने का फैसला लिया गया है.
वहीं फरीदाबाद में बढ़े हुए ट्रैफिक फाइन पर सरकार ने 15 सितंबर तक रोक लगा दी है. इस अवधि में भी चालकों को सिर्फ जागरूक किया जाएगा. डीसीपी ट्रैफिक सुरेश कुमार ने आदेश मिलने की पुष्टि की.
माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारी-भरकम ट्रैफिक जुर्माना कटने का मामला तूल पकड़ रहा था. साथ ही 8 सितंबर को प्रधानमंत्री की रोहतक में रैली है.
आशंका है कि इसके बाद कभी भी आदर्श आचार संहिता लग सकती है. ऐसे में चालान की जुर्माना राशि चुनाव के दौरान कोई बड़ा मुद्दा न बन जाए, इसलिए ये कदम उठाये गये हैं.
इसे भी पढ़ेंः#NewTrafficRule वाह-वाह करते-करते, आह-आह करने लगे




