
- झारखंड राज्य बार काउंसिल के सदस्यों ने की बैठक
Ranchi : झारखंड राज्य बार काउंसिल के सदस्यों ने शनिवार को बैठक की, जिसकी अध्यक्षता काउंसिल के अध्यक्ष सह महाधिवक्ता अजीत कुमार ने की. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 11 फरवरी को काउंसिल की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जायेगा. जागरूकता अभियान भारतीय विधिज्ञ परिषद की ओर से उठाये गये अधिवक्ताओं के कल्याण संबंधी मुद्दों को लेकर चलाया जायेगा. जागरूकता अभियान के बाद मांगों से संबंधित संकल्प पत्र जिला मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपा जायेगा. इस दौरान अध्यक्ष अजीत कुमार ने कहा कि 11 फरवरी के जागरूकता अभियान के बाद जारी संकल्प पत्र को स्थानीय न्यायाधीश, भारतीय विधिज्ञ परिषद, संसद एवं राज्य बार काउंसिल को भेजा जायेगा.
उच्च न्यायालय से राजभवन तक मार्च करेंगे
इस दौरान निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता अपनी मांगों को लेकर 12 फरवरी को झारखंड उच्च न्यायालय से लेकर राजभवन तक शांतिपूर्ण मार्च करेंगे. निर्णय लिया गया है कि अधिवक्ताओं के इस मार्च में अधिक से अधिक संख्या में अधिवक्ता भाग लेंगे.
न्यायिक कार्य से अलग रहेंगे अधिवक्ता
11 और 12 फरवरी के अभियान की जानकारी देते हुए अजीत कुमार ने कहा कि दो दिनों (11 से 12 फरवरी) तक अधिवक्ता न्यायिक कार्य से दूर रहेंगे. इसके लिए पूर्व से ही न्यायालयों से आग्रह किया जा रहा है कि अधिवक्ताओं की अनुपस्थिति होने के कारण कोई आदेश पारित नहीं करें.
ये थे मौजूद
मौके पर अब्दुल कलाम, अनिल कुमार तिवारी, अभय कुमार चतुर्वेदी, धमेंद्र नारायण, कुंदन प्रकाशन, मनोज कुमार, मृत्युंजय कुमार श्रीवास्वत, प्रयाग महतो, राज कुमार, राजेंद्र कृष्णा, संजय कुमार विद्रोही समेत अन्य अधिवक्ता उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें- रघुवर की कार्यशैली, व्यवहार व प्राथमिकता से व्यथित सरयू राय 28 फरवरी को दे सकते हैं इस्तीफा
इसे भी पढ़ें- धनबाद में बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, गांधी परिवार चोरों का…




